बस्ती में समाजवादी पार्टी कार्यालय में रविवार को महारानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर पर चल रही संगठनात्मक तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सपा जिलाध्यक्ष एवं विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर को भारतीय इतिहास की सबसे दूरदर्शी और कुशल महिला शासकों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने मालवा साम्राज्य के विकास, धर्म-संस्कृति के संरक्षण और जनकल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनकी प्रशासनिक क्षमता, साहस और जनसेवा की भावना आज भी समाज को प्रेरित करती है। यादव ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर निरंतर सक्रिय रहने तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया। बैठक में वक्ताओं ने अहिल्याबाई होल्कर को एक निडर योद्धा, कुशल राजनीतिज्ञ और जनहितैषी शासक बताया। उनके शासनकाल में मालवा साम्राज्य ने नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया। उन्होंने अनेक मंदिरों का निर्माण कराया, सड़कों का विकास किया तथा गरीबों और जरूरतमंदों के लिए कई कल्याणकारी कार्य किए। बस्ती सदर विधानसभा अध्यक्ष मो. सलीम ने जानकारी दी कि विधानसभा क्षेत्र के सभी 437 बूथों की लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि जहां भी कमियां पाई जा रही हैं, उन्हें दूर कराया जा रहा है। आगामी चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अवसर पर अरविन्द सोनकर, भोला पाण्डेय, रजवन्त यादव, जैराज यादव, प्रदीप निषाद, विकास पाण्डेय, हनुमान प्रसाद यादव, उदयराज विश्वकर्मा, मो. फारूक, दाउद खान सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


