कानपुर में अहिल्याबाई होलकर जयंती पर जुटे राजनीतिक दल:भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस ने किए कार्यक्रम, बोले- योगदान को भूलाया नहीं जा सकता

कानपुर में लोकमाता राजमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती पर रविवार को विभिन्न राजनीतिक दलों ने कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने अलग-अलग कार्यक्रम कर उनके योगदान को याद किया। इस दौरान सभी दलों ने अपने-अपने राजनीतिक और सामाजिक संदेश भी दिए। भाजपा ने बताया सुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा
भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय संस्कृति, धर्म, सुशासन और लोककल्याण की अद्वितीय प्रतीक थीं। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर का जीवन समाज सेवा और राष्ट्र समर्पण करने का काम किया था।
प्रकाश पाल ने कहा कि जिस प्रकार अहिल्याबाई होलकर ने समाज के उत्थान और सांस्कृतिक चेतना के संरक्षण के लिए कार्य किया, उसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भारत की सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि लोकमाता के आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं। सपा ने पीडीए की एकजुटता का संकल्प दोहराया
समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय नवीन मार्केट में महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में राजमाता अहिल्याबाई होलकर को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की एकजुटता का संकल्प लिया।
हाजी फजल महमूद ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने गरीबों, महिलाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और समानता के लिए लगातार संघर्ष कर रही है और पीडीए मिशन को मजबूत करने का कार्य करेगी। बसपा ने न्यायप्रिय शासक के रूप में किया याद
बहुजन समाज पार्टी के कानपुर मंडल कार्यालय, नवीन मार्केट में भी अहिल्याबाई होलकर की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
बसपा नेताओं ने उन्हें न्यायप्रिय, धर्मनिरपेक्ष और लोककल्याणकारी शासक बताते हुए कहा कि उनका जीवन जनसेवा और न्याय का प्रतीक है। कार्यक्रम में मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कांग्रेस ने किया सामाजिक न्याय सम्मेलन
कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी ने जूही क्षेत्र में ‘पिछड़ा वर्ग सामाजिक न्याय सम्मेलन’ का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस हमेशा पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित वर्गों की आवाज रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और समान भागीदारी के लिए संघर्ष जारी रहेगा। सम्मेलन में शिक्षा, रोजगार, आरक्षण और पिछड़े वर्गों की भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
एक जयंती, अलग-अलग राजनीतिक संदेश
अहिल्याबाई होलकर की जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में सभी दलों ने उनके योगदान को याद किया, लेकिन राजनीतिक संदेश अलग-अलग रहे। भाजपा ने उनके आदर्शों को राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ा, सपा ने पीडीए की एकजुटता पर जोर दिया, बसपा ने उन्हें न्यायप्रिय शासक बताया, जबकि कांग्रेस ने सामाजिक न्याय और भागीदारी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *