बुलंदशहर में दो घंटे तक तेज बारिश:40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा, 24 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान

बुलंदशहर में दो घंटे तक तेज बारिश:40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा, 24 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान

बुलंदशहर में रविवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। लगभग दो घंटे तक हुई इस बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, तेज हवाओं के चलते जिले के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब तीन बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं। इसके बाद शुरू हुई तेज बारिश ने पूरे जिले को प्रभावित किया।आंधी और बारिश के कारण कई जगहों पर बिजली के तार और खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इससे शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। कई मोहल्लों और गांवों में घंटों तक बिजली गुल रही, जिसके बाद बिजली विभाग की टीमें फाल्ट ठीक करने में जुट गईं। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के बाद जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले कई दिनों से तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा था। मौसम वैज्ञानिक डॉ. विवेक राज ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से जिले में तेज आंधी और बारिश हुई है। उन्होंने संभावना जताई कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, तथा कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश के बाद सड़कों और बाजारों में लोगों की चहल-पहल बढ़ गई। किसानों ने भी इस बारिश को फसलों और पशुओं के लिए लाभदायक बताया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और कमजोर पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *