अंबाला जिले के नेशनल हाईवे 344 पर एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला का एक हाथ बुरी तरह कुचल गया, जबकि उसके दो बच्चों को मामूली चोटें आईं। टक्कर के बाद डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में शाहजादपुर सोंतली रोड निवासी राकेश कुमार (58) ने बताया कि उसकी बेटी काजल की शादी 2015 में शाहबाद (कुरुक्षेत्र) निवासी रमन से हुई थी, जिनकी 2019 में मृत्यु हो गई थी। बच्चों की स्कूल की छुट्टियां होने के कारण, राकेश अपनी बेटी काजल को लेने शाहबाद गए थे। राकेश कुमार के अनुसार, शाम करीब 5:15 बजे काजल अपने दोनों बच्चों, 11 वर्षीय डेविश और 8 वर्षीय प्रियांशी के साथ अपनी स्कूटी पर शाहबाद से अपने गांव शाहजादपुर के लिए निकली थी। राकेश अपनी बाइक पर उनसे करीब 20 कदम पीछे चल रहा था। ड्राइवर ने लापरवाही से मोड़ी गाड़ी शाम करीब 5:50 बजे, जब वे एनएच 344 पर गांव शेरगढ़ के पास निर्माणाधीन पुल के कट पर पहुंचे, तो साहा की तरफ से आ रहे मिट्टी से ओवरलोड डंपर के ड्राइवर ने लापरवाही से मोड़ काटते हुए काजल की स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों बच्चे उछलकर दूर जा गिरे, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। वहीं, काजल स्कूटी सहित सड़क पर गिर गई और उसकी स्कूटी डंपर के अगले दोनों पहियों के बीच फंस गई। इस हादसे में काजल का दाहिना हाथ बुरी तरह कुचल गया और उसके शरीर पर भी गंभीर चोटें आईं। घायल काजल को राहगीरों की मदद से तुरंत अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया। घायल महिला का पंचकूला में चल रहा इलाज वहां भी सही इलाज न मिलने पर परिजन उसे पंचकूला के एल्केमिस्ट अस्पताल ले गए, जहां प्लास्टिक सर्जरी का खर्च करीब साढ़े 3 लाख रुपए बताया गया। वर्तमान में घायल महिला का इलाज पार्क अस्पताल (नियर मनसा देवी मंदिर, पंचकूला) में चल रहा है। साहा थाना के ASI रघुबीर सिंह ने बताया कि उन्हें डायल 112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया। चश्मदीद राकेश कुमार की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट (MLR) के आधार पर पुलिस ने अज्ञात डंपर ड्राइवर के खिलाफ धारा 281, 125(A) और 324(4) BNS के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है और डंपर को कब्जे में लेकर आरोपी ड्राइवर की तलाश तेज कर दी है।


