शिवपुरी तहसील के ईटमा गांव में रविवार सुबह जंगली सूअर के हमले में दो भाई घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, ईटमा गांव के निवासी संजय रावत अपने भाई मनीष रावत के साथ भैंसों के लिए चारा काटने खेत पर गए थे। जब दोनों भाई खेत में चारा काट रहे थे, तभी झाड़ियों में छिपे एक जंगली सूअर ने अचानक संजय रावत पर हमला कर दिया। संजय को बचाने के प्रयास में जब मनीष रावत आगे बढ़े, तो सूअर ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में दोनों भाई घायल हो गए। उनके शोर मचाने पर जंगली सूअर मौके से भाग निकला। घटना के बाद, परिजन दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमलों को लेकर चिंता बढ़ गई है।


