शिल्पग्राम पार्किंग का बंद होने पर हुआ विरोध:गाइड्स और गोल्फ चालकों ने किया प्रदर्शन, बोले हमारे लिए कोई अब स्थान नहीं

शिल्पग्राम पार्किंग का बंद होने पर हुआ विरोध:गाइड्स और गोल्फ चालकों ने किया प्रदर्शन, बोले हमारे लिए कोई अब स्थान नहीं

ताजमहल की शिल्पग्राम पार्किंग को निर्माण कार्य के चलते अस्थायी रूप से बंद किए जाने का विरोध तेज हो गया है। रविवार को गाइड्स और गोल्फ कार्ट चालकों ने पार्किंग बंद करने के फैसले पर नाराजगी जताते हुए इसे उनके रोजगार और रोजमर्रा के कामकाज पर सीधा असर बताया। उनका कहना है कि शिल्पग्राम पार्किंग केवल वाहनों की पार्किंग का स्थान नहीं है, बल्कि यहीं उनके कार्यालय हैं और वे यहीं बैठकर पर्यटकों से संपर्क तथा अपना कार्य संचालित करते हैं। गाइड्स का कहना है कि पार्किंग बंद करने से पहले उनके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। यदि पार्किंग लंबे समय तक बंद रहती है तो उन्हें बैठने और काम करने के लिए जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि या तो पार्किंग को दोबारा खोला जाए या फिर उनके लिए अलग से स्थान उपलब्ध कराया जाए। विरोध के बीच रविवार सुबह कुछ समय के लिए पार्किंग को खोला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद इसे फिर बंद कर दिया गया। इसके बाद गाइड्स और गोल्फ कार्ट चालकों में नाराजगी और बढ़ गई। शिल्पग्राम पार्किंग बंद होने के बाद पर्यटक वाहनों को पश्चिमी गेट पार्किंग की ओर भेजा जा रहा है। इससे पश्चिमी गेट पार्किंग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। वहीं कई पर्यटकों ने पार्किंग स्थल तक जाने के बजाय अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए। इसके चलते पूर्वी गेट से धनधूपुरा जाने वाले मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगने से यातायात प्रभावित हुआ और स्थानीय लोगों के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। शिल्पग्राम पार्किंग ताजमहल क्षेत्र की प्रमुख पार्किंगों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन पहुंचते हैं। ऐसे में इसके बंद होने का असर न केवल पर्यटकों बल्कि गाइड्स, गोल्फ कार्ट चालकों और यातायात व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य के चलते यह अस्थायी व्यवस्था लागू की गई है और पर्यटकों की सुविधा के लिए पश्चिमी गेट पार्किंग पर आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। फिलहाल गाइड्स और गोल्फ कार्ट चालक पार्किंग को पुनः शुरू करने या वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग पर अड़े हुए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *