मेरठ में शनिवार दोपहर बाद आए मौसम में बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली। रात में भी ठंड़ी हवा चली। वहीं रविवार सुबह भी बीते दिनों की अपेक्षा में मौसम राहत भरा रहा। मौसम सुहावना होने से लोगों के चेहरों पर राहत दिखाई दी वहीं मौसम विभाग और कृषि विशेषज्ञ अगले दो दिनों तक इसी तरह के मौसम बने रहने की संभावना जता रहे हैं।आज भी अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहने की संभावना है। पिछले कई दिनों से मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना हुआ था। मई माह में तापमान लगातार 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा था और बिजली की मांग भी बढ़ रही थी। शनिवार को अचानक बदले मौसम से लोगों को बड़ी राहत मिली है। बाजारों, कॉलोनियों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग मौसम के इस बदलाव में खुश दिखाई दिए।
कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार किसानों के लिए भी यह बारिश लाभकारी मानी जा रही है। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं तथा हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित मौसम वेधशाला के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाता है। वहीं 0.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
शहर की वायु गुणवत्ता भी मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 165 दर्ज किया जाता है। गंगानगर में एक्यूआई 160, जयभीम नगर में 87, एमआईईटी कॉलेज क्षेत्र में 310 तथा पल्लवपुरम में 104 दर्ज किया गया है।


