Mandana Karimi shared post: ईरान में जन्मीं एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपनी निजी भावनाओं और मौजूदा वैश्विक हालात को लेकर चिंता जाहिर की है। बता दें, दुबई में नई जिंदगी शुरू कर चुकीं मंदाना ने बताया कि वो अपने देश ईरान को दिल में रखकर आगे बढ़ने और दोबारा सामान्य जीवन जीने की कोशिश कर रही हैं।
तनाव और संघर्ष को लेकर दुनियाभर में चर्चा हो रही है
मंदाना करीमी का ये बयान ऐसे समय आया है जब मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और संघर्ष को लेकर दुनियाभर में चर्चा हो रही है। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर अपनी रोजमर्रा की जिंदगी की कुछ फोटोज शेयर करते हुए लिखा कि दुनिया बहुत तेजी से बदल गई है और ऐसे माहौल में खुद को संभालना आसान नहीं होता।
बता दें, अपने पोस्ट में मंदाना ने कहा कि दुख और उम्मीद दोनों साथ-साथ चल सकते हैं। उनके अनुसार, जिंदगी में मुश्किल दौर आने के बावजूद आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने लिखा कि लोग अपनी जिंदगी को फिर से बना सकते हैं, अपने प्रियजनों और देश के लिए खड़े रह सकते हैं और साथ ही भविष्य के लिए उम्मीद भी बनाए रख सकते हैं।एक्ट्रेस ने ये भी एक्सेप्ट किया कि वो अभी भी भावनात्मक रूप से कई बदलावों से गुजर रही हैं और उनका कहना है कि कुछ भी पहले जैसा नहीं है, लेकिन वो हर दिन खुद को मजबूत बनाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने अपने फॉलोअर्स से भी सकारात्मक सोच बनाए रखने की अपील की।
मंदाना करीमी ने एक इंटरैक्टिव सेशन के दौरान खुलासा किया
इससे पहले भी मंदाना करीमी ने एक इंटरैक्टिव सेशन के दौरान खुलासा किया था कि उन्होंने भारत छोड़कर दुबई में नई शुरुआत की है। उन्होंने बताया था कि भारत में करीब 16 साल बिताने के बाद ये फैसला लेना उनके लिए आसान नहीं था। हालांकि, अब वो अपने जीवन के नए अध्याय पर ध्यान केंद्रित करना चाहती हैं। मंदाना करीमी ने ये भी कहा था कि भारत उनके लिए हमेशा खास रहेगा क्योंकि उन्होंने यहां अपने करियर और जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा बिताया है। इसके बाद भी मौजूदा परिस्थितियों ने उन्हें नए माहौल में खुद को ढालने के लिए प्रेरित किया।
अगर वर्कफ्रंट की बात करें तो, मंदाना करीमी पिछले कुछ समय से एक्टिंग से दूरी बनाए हुए हैं। वो आखिरी बार फिल्म ‘थार’ में नजर आई थीं। हालांकि सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता बनी हुई है और वो समय-समय पर अपने विचार और अनुभव फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं।


