ग्वालियर में भागवत कथा में शामिल होने और भजन-कीर्तन करने गए एक किसान की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, बेलगढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चितौली निवासी 50 वर्षीय किसान मदनलाल रावत पिता रामचरण रावत पिछले एक सप्ताह से बेलगढ़ा क्षेत्र स्थित लकेश्वरी माता मंदिर में आयोजित भागवत कथा में नियमित रूप से शामिल हो रहे थे। वे कथा सुनने के साथ-साथ भजन-कीर्तन में भी सक्रिय रूप से भाग लेते थे। एक सप्ताह से नियमित रूप से जा रहे थे भजन गाने बताया गया है कि शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे मंदिर परिसर में भागवत कथा के दौरान मदनलाल रावत भजन गा रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें एक जहरीले सांप ने काट लिया। शुरुआत में लोगों को घटना का अंदाजा नहीं लगा, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं और परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन सांप के जहर का असर लगातार बढ़ता गया। काफी प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और देर रात करीब 1 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बेलगढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। मदनलाल रावत की अचानक हुई मौत से उनके परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों ने बताया कि वे धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि धार्मिक आयोजन में शामिल होने गए किसान की इस तरह दर्दनाक मौत हो जाएगी।


