स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में मरीजों और परिजनों की सुविधा के लिए आज से मुख्य प्रवेश द्वार पर शीतल पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पंखे तथा स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। यह कदम कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. ए.के. वर्मा की ताजा निरीक्षण रिपोर्ट के बाद अनुपालन में लाया गया। निरीक्षण के दौरान मरीजों और तीमारदारों की कमियों को देखते हुए तत्काल प्रभाव से लागू की गई इस व्यवस्था के अंतर्गत गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर तुरंत उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही गर्मी से राहत के लिए परिजनों के बैठने और पेयजल की बेहतर व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था के संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जितेंद्र शुक्ला और एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. अनिल सिंह को सौंपी गई है। उनकी देखरेख में प्रवेश द्वार पर सभी सुविधाएँ निरंतर मुहैया कराई जा रही हैं। प्रधानाचार्य डॉ. ए.के. वर्मा ने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज और उसका परिजन सम्मान एवं संवेदशील व्यवहार का हकदार है। ट्रॉमा सेंटर में अक्सर गंभीर स्थिति के मरीज पहुंचते हैं, इसलिए उन्हें तत्काल सहायता मिलना आवश्यक है। शीतल पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पंखे, स्ट्रेचर और व्हीलचेयर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।


