उन्नाव में ट्रक लूट की घटना का खुलासा करते हुए एसओजी, सर्विलांस और अजगैन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार तड़के एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी नवाबगंज भेजा गया। पुलिस के अनुसार, 25 मई की रात आशाखेड़ा से सामान लादकर कानपुर जा रहे एक ट्रक को बदमाशों ने लूट लिया था। मामले में ट्रक मालिक राजेश कुमार गुप्ता, निवासी देवकी नगर, नौबस्ता (कानपुर नगर) ने 27 मई को अजगैन थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
तहरीर के मुताबिक, ट्रक चालक नीरज कुमार वाहन लेकर कानपुर जा रहा था। ट्रक मालिक जीपीएस के माध्यम से वाहन की लोकेशन पर नजर रखे हुए थे। रात करीब 12:30 बजे ट्रक टोल प्लाजा पार कर गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी लोकेशन वापस लखनऊ की ओर जाती दिखाई दी। संदेह होने पर ट्रक मालिक स्वयं तलाश में निकले। टोल प्लाजा के पास चालक नीरज कुमार घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला, जबकि ट्रक गायब था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी उन्नाव जय प्रकाश सिंह के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नवाबगंज क्षेत्र में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के सामने गुरुद्वारा रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख संदिग्ध ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान छोट्टन चौधरी (25) पुत्र सुरेश चौधरी, निवासी हथियाइन, थाना पीपरा कोठी, जिला मोतिहारी (बिहार) के रूप में बताई। आरोपी ने ट्रक लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी का उपचार सीएचसी नवाबगंज में कराया जा रहा है। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


