सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के ग्राम कपूरी में शनिवार सुबह एक ट्रक ने 33 केवी विद्युत लाइन के मुख्य पोल को टक्कर मार दी। इस घटना के कारण बघवार क्षेत्र सहित नौ गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। यह घटना सुबह करीब 7 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ‘बालाजी’ नामक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 33 केवी बिजली पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरा ढांचा, जिसमें पोल, इंसुलेटर और अन्य विद्युत उपकरण शामिल थे, बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद बिजली लाइनों में शॉर्ट सर्किट से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासी सुनील गुप्ता ने बताया कि विद्युत लाइन तत्काल ऑटोमैटिक ट्रिप हो गई, जिससे हाईटेंशन करंट फैलने और किसी बड़े हादसे का खतरा टल गया। सुरक्षा कारणों से बघवार, कपूरी, बुढगौना सहित लगभग नौ गांवों की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 33 केवी लाइन का पोल और उस पर लगे इंसुलेटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। नई सामग्री मंगाकर मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। विभाग के अनुसार, बिजली आपूर्ति बहाल करने में कुछ घंटों का समय लग सकता है। पिपराव चौकी प्रभारी शेषमणि मिश्रा ने जानकारी दी कि सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर यातायात को नियंत्रित किया गया है। दुर्घटना में घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन ने लोगों से क्षतिग्रस्त विद्युत तारों और पोल के आसपास न जाने की अपील की है।


