अम्बेडकरनगर में आंधी-बारिश से 100 गांवों में बिजली गुल:60 खंभे, 26 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त; देर रात तक आपूर्ति बहाल

अम्बेडकरनगर में आंधी-बारिश से 100 गांवों में बिजली गुल:60 खंभे, 26 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त; देर रात तक आपूर्ति बहाल

अम्बेडकरनगर में शुक्रवार की तेज आंधी और बारिश से करीब 100 गांवों की बिजली आपूर्ति कई घंटों तक ठप रही। आंधी में 60 बिजली के खंभे और 26 ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गए। अधीक्षण अभियंता रजनीश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार देर रात तक अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी गई। अकबरपुर के साउथ वेस्ट बिजली घर के पियारेपुर के पास मुख्य लाइन पर पेड़ की डाल गिरने से सुबह 5 बजे बिजली काटनी पड़ी। इससे अशोक बिहार सहित करीब 20 गांव अंधेरे में डूब गए। बारिश थमने के बाद सुबह 8 बजे टीम ने फॉल्ट ठीक किया, जिसके बाद 11 बजे आपूर्ति पुनः शुरू हो सकी। कुर्की बिजली घर से जुड़े अफजलपुर, हरिपुर, पयागपुर, सुडारी समेत 15 से अधिक गांवों में भी सुबह 4 बजे से ही कई स्थानों पर खंभे टूटने से सप्लाई बाधित रही। करीब छह घंटे बाद दोपहर 2 बजे आपूर्ति सुचारु हुई, हालांकि कुछ देर बाद फिर व्यवधान आ गया। टांडा के मुबारकपुर स्थित स्विचयार्ड में बारिश का पानी भरने से 20 से अधिक गांवों की लाइट बंद रही। पंप लगाकर पानी निकालने के बाद दोपहर 12 बजे आपूर्ति बहाल की गई। आलापुर उपकेंद्र क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर 32 खंभे और 6 ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने से 30 से अधिक गांवों में दोपहर 2 बजे तक बिजली बाधित रही। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में बसखारी बीआरसी के सामने वाली गली में दो विशालकाय शीशम और सिरसा के पेड़ गिरने से रास्ता अवरुद्ध हो गया, एक विद्युत पोल टूट गया और बसखारी ब्लॉक की बाउंड्री वॉल भी क्षतिग्रस्त हुई। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ों को हटाकर आपूर्ति बहाल की जा सकी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *