करनाल अस्पताल से बदमाश के फरार होने का मामला:6 पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई,तीसरी मंजिल के कैदी वार्ड से हथकड़ी खोलकर भागा था आरोपी

करनाल अस्पताल से बदमाश के फरार होने का मामला:6 पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई,तीसरी मंजिल के कैदी वार्ड से हथकड़ी खोलकर भागा था आरोपी

करनाल में सरकारी अस्पताल के कैदी वार्ड से शातिर बदमाश के फरार होने के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त एक्शन लिया हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकार्मियों द्वारा ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर SP ने कार्रवाई के निर्देश दिए है। रात के अंधेरे में बदमाश के फरार होने की इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी तीसरी मंजिल से हथकड़ी खोलकर फरार हो गया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उसे रोक नहीं सके। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। फरार होने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश कर रही है।
ड्यूटी में लापरवाही पर गिरी गाज
इस मामले में ईएचसी संदीप, सिपाही प्रदीप, सुमित, गोवर्धन, अमित और अंकित पर एसपी करनाल द्वारा विभागिया कार्रवाई की गइ है। एसपी नरेंद्र बिजारनिया ने पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने को लेकर यह कार्रवाई की है। 25 मई को मुठभेड़ में पकड़ा गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार 25 मई को सीआईए-1 की टीम ने गुरजीत सिंह को मेरठ रोड पर आवर्धन नहर के पास मुठभेड़ के दौरान काबू किया था। मुठभेड़ में आरोपी के कुल्हे के पास टांग में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाना था, लेकिन इससे पहले ही वह 28-29 मई की आधी रात को फरार हो गया। कैसे ढाई मिनट में हुआ फरार
अस्पताल के कैदी वार्ड में आरोपी की निगरानी के लिए चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे के बाद तूफान के कारण बिजली चली गई। करीब दो से ढाई मिनट बाद जब बिजली वापस आई तो आरोपी बेड से गायब था। सीसीटीवी फुटेज में पुलिसकर्मी उसे ढूंढते नजर आ रहे हैं। दो दिन से दर्द का नाटक कर रहा था
जिस वार्ड में आरोपी भर्ती था, वह अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित है। जानकारी के अनुसार आरोपी पिछले दो दिनों से दर्द का बहाना बना रहा था और ऐसा दिखा रहा था कि वह चल भी नहीं सकता। डॉक्टरों ने उसे एक-दो दिन में छुट्टी देने की तैयारी कर ली थी, लेकिन उसने मौका पाकर फरार होने की योजना बना ली। सीसीटीवी में चलता हुआ दिखा आरोपी
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बेडशीट ओढ़कर आराम से चलता हुआ दिखाई दिया। वह बिल्कुल सामान्य तरीके से चल रहा था और लंगड़ा भी नहीं रहा था। इससे साफ हुआ कि दिन में वह पुलिस और डॉक्टरों को गुमराह कर रहा था। लाइट आने के बाद मची अफरा-तफरी
जैसे ही बिजली वापस आई, पुलिसकर्मी वार्ड में पहुंचे और आरोपी को गायब पाया। इसके बाद वे इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ देर तक उन्होंने अपने स्तर पर तलाश की और फिर अधिकारियों व अस्पताल प्रशासन को सूचना दी। सबसे बड़ा सवाल, हथकड़ी कैसे खुली
पुलिस ने आरोपी को हथकड़ी लगाकर बेड से बांध रखा था। फरारी के बाद हथकड़ी बेड पर ही मिली। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आरोपी ने महज दो मिनट में हथकड़ी कैसे खोल ली। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में, जांच शुरू
अस्पताल के पीएमओ बलवान सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे डीएसपी राजीव का फोन आया था कि आरोपी फरार हो गया है और सीसीटीवी फुटेज की जरूरत है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पेट्रोल पंप लूट के प्रयास में था वांटेड
गुरजीत सिंह पंजाब के खरड़ का रहने वाला है। वह तरावड़ी के एक पेट्रोल पंप पर फायरिंग और लूट के प्रयास के मामले में वांटेड था। इसके अलावा वह करनाल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत और पलवल जिलों में पेट्रोल पंप लूट की पांच वारदातों में भी शामिल रहा है। 2 मई को की थी लूट की कोशिश
2 मई की सुबह करीब 4:25 बजे आरोपी बिना नंबर प्लेट की काली बाइक पर तरावड़ी के चौधरी पेट्रोल पंप पर पहुंचा। उसने 100 रुपये का पेट्रोल डलवाया और पैसे देने के बाद सेल्समैन के पीछे ऑफिस तक चला गया। वहां उसने पिस्टल निकालकर कैश देने की धमकी दी। सेल्समैन ने दिखाई हिम्मत
गांव पड़वाला निवासी सुरेश कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की पिस्टल पर हाथ मार दिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर गांव तखाना निवासी नरेश कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों ने आरोपी का विरोध किया, जिससे धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान आरोपी ने फायर किया, लेकिन गोली हवा में निकल गई और वह मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर तरावड़ी टी-प्वाइंट की ओर भाग गया, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया था। 23 दिन बाद ऐसे पकड़ा गया
वारदात के बाद पुलिस लगातार 23 दिन तक आरोपी की तलाश करती रही। जांच के दौरान घटनास्थल से गोली का खोल बरामद किया गया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। 24-25 मई की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी आवर्धन नहर के पास घूम रहा है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मुठभेड़ में उसे काबू कर लिया। मुठभेड़ में लगी थी गोली
मुठभेड़ के दौरान आरोपी को टांग में गोली लगी। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल और बिना नंबर की बाइक भी बरामद की। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से वह फरार हो गया। पुलिस की बढ़ी चिंता, तलाश जारी
आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस की चिंता बढ़ गई है। अलग-अलग टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *