राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) की एडहॉक कमेटी ने प्रदेश में क्रिकेट गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित, पेशेवर और खिलाड़ियों के हित में संचालित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। RCA ने जयपुर के सवाई मानसिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सालभर ज्यादा से ज्यादा क्रिकेट मुकाबले आयोजित कराने के लिए राजस्थान राज्य खेल परिषद को नया प्रस्ताव सौंपा है। इस प्रस्ताव के तहत RCA ने स्टेडियम उपयोग के बदले प्रति माह 4 लाख रुपए देने की पेशकश की है। RCA एडहॉक कमेटी के संयोजक डॉ. मोहित जसवंत यादव और सदस्य अरिष्ट सिंघवी ने शुक्रवार को खेल परिषद सचिव राजकेश मीणा से मुलाकात कर SMS स्टेडियम और RCA अकादमी मैदान पर क्रिकेट गतिविधियों के संचालन और रखरखाव को लेकर चर्चा की। बैठक में RCA की ओर से कहा गया कि वर्तमान ग्राउंड फीस (प्रति मैच 1 लाख रुपए) व्यवस्था पूरी तरह व्यावहारिक नहीं है, जिसके कारण पूरे साल में SMS स्टेडियम में RCA की मेजबानी वाले मुकाबले 5 प्रतिशत से भी कम हो पा रहे हैं। डॉ. मोहित जसवंत यादव ने बताया कि फिलहाल BCCI टूर्नामेंट के मुकाबलों के लिए खेल परिषद को प्रति मैच 1 लाख रुपए किराया दिया जाता है, जबकि RCA अपने घरेलू और अन्य टूर्नामेंट के लिए प्रति मैच 50 हजार रुपए का भुगतान करता है। किराया अधिक होने के कारण संघ को अपने अधिकांश मुकाबले दूसरे मैदानों पर शिफ्ट करने पड़ते हैं। इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को जयपुर के विश्वस्तरीय मैदान पर खेलने का अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि RCA सालभर में 300 से अधिक मैच आयोजित करता है। ऐसे में अगर नई व्यवस्था लागू होती है तो SMS स्टेडियम में लगातार क्रिकेट गतिविधियां बढ़ सकेंगी। इससे घरेलू क्रिकेट, आयु वर्ग प्रतियोगिताओं और संभावित राष्ट्रीय मुकाबलों के आयोजन को भी गति मिलेगी। प्रस्ताव के तहत RCA खेल परिषद को सालाना 48 लाख रुपए का भुगतान करेगा। साथ ही स्टेडियम और RCA अकादमी मैदान के रखरखाव की जिम्मेदारी भी संघ उठाने को तैयार है। इसके लिए RCA अपने ग्राउंड स्टाफ, क्यूरेटर और करोड़ों रुपए की ग्राउंड मशीनरी उपलब्ध कराएगा। ताकि मैदान की गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनी रहे। डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण खिलाड़ियों को दूरदराज के मैदानों पर खेलना पड़ता है, जबकि जयपुर का SMS स्टेडियम प्रदेश के क्रिकेटरों के लिए सबसे बड़ा मंच है। वहीं RCA ने घरेलू क्रिकेट संचालन को मजबूत करने के लिए मैच रेफरी सेमिनार और परीक्षा भी आयोजित की। एडहॉक कमेटी सदस्य अरिष्ट सिंघवी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पूर्व खिलाड़ियों के अनुभव का उपयोग करते हुए क्रिकेट संचालन को अधिक जवाबदेह और अनुशासित बनाना है। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत मैच रेफरी मैदान और वेन्यू की स्थिति, आयोजन व्यवस्थाओं की गुणवत्ता, समय पर ओवर पूरे करवाने, अनुशासनात्मक मामलों की निगरानी और अंपायर रिपोर्ट के संकलन जैसी जिम्मेदारियों की विस्तृत रिपोर्ट RCA को सौंपेंगे। RCA द्वारा आयोजित ऑनलाइन सेमिनार में 40 पूर्व खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जबकि RCA अकादमी में आयोजित परीक्षा में 33 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से 22 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल रहे। परीक्षा पास करने के लिए 80 अंकों में न्यूनतम 35 अंक निर्धारित किए गए थे।


