लखीमपुर में उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2026-27 को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में 31 मई को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए 11 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 4445 अभ्यर्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे। परीक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक का संचालन एडीएम न्यायिक ब्रजपाल सिंह और डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र ने किया। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी और अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी और किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा केंद्रों पर प्रकाश, पेयजल, फर्नीचर और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा में बाधा डालने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, प्रत्येक परीक्षार्थी की मुख्य द्वार पर सघन तलाशी लेने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात कक्ष निरीक्षक, अधिकारी और कर्मचारी परीक्षा कक्ष के भीतर मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे परीक्षा के दिन पूरी तरह क्रियाशील रहने चाहिए। अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला समन्वयक एवं वाईडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने जानकारी दी कि बीएड प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को दोनों पेपर अलग-अलग पालियों में देने होंगे।


