संभल में शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में दादी और उसकी तीन साल की पोती की ट्रैक्टर के पहिए से कुचलकर मौत हो गई। यह घटना मुंडन संस्कार के बाद गंगाघाट से घर लौटते समय हुई। ट्रैक्टर से गिरने के बाद चालक ने वाहन रोकने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों कुचल चुकी थीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामला गुन्नौर तहसील के जुनावई थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव का है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे समसपुर गंग निवासी अतर सिंह अपने बेटे राजा और बेटी रूपवती का मुंडन संस्कार कराने सांकरा गंगाघाट गए थे। वापस लौटते समय दोपहर करीब 3:30 बजे जलालपुर गांव के पास ट्रैक्टर पर बैठी महिला पोती के साथ झटका लगने से सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे में मृतका की पहचान रामसनई (55 वर्षीय) पुत्री स्व. कुंवर सिंह और पोती नेहा (3) पुत्री सुनील कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दादी-पोती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सड़क हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक महिला के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि गंगाघाट से लौटते समय यह सड़क हादसा हुआ है। ट्रैक्टर के पहिए के नीचे कुचलकर दादी और उसकी तीन साल की पोती की मौत हुई है। परिजनों की मांग पर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


