बैराड़ में 5 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार:एक आरोपी पहले भी जा चुका जेल, पुलिस को सप्लायरों के नाम मिले

बैराड़ में 5 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार:एक आरोपी पहले भी जा चुका जेल, पुलिस को सप्लायरों के नाम मिले

शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना पुलिस ने शुक्रवार को दो अलग-अलग मामलों में लगभग 5 लाख रुपए मूल्य की स्मैक जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से कुल 21.27 ग्राम स्मैक, 16,100 रुपए नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 29 मई को मुखबिर की सूचना पर गायत्री कॉलोनी बैराड़ में कार्रवाई की गई। पुलिस ने गायत्री कॉलोनी निवासी जीतू उर्फ जितेंद्र प्रजापति (32) को उसके घर के सामने से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान प्रजापति के पास से 11.87 ग्राम स्मैक मिली, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपए आंकी गई है। उसके कब्जे से 16,100 रुपए नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पहले भी जेल जा चुका जीतू
पुलिस के अनुसार, जीतू प्रजापति पहले भी स्मैक तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद वह फिर से इस अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया था। पूछताछ में उसने कुछ स्मैक सप्लायरों के नाम भी बताए हैं, जिनके खिलाफ पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। एक अन्य कार्रवाई में बैराड़ पुलिस ने करीब दो माह से फरार चल रहे ब्रजेश उर्फ छोटू ओझा (33) को गिरफ्तार किया। वह बरोड़ रोड, बैराड़ का निवासी है। ओझा का नाम 17 मार्च 2024 को दर्ज एक स्मैक तस्करी के मामले में सामने आया था, जिसके बाद से वह फरार था। पुलिस ने 28 मई की रात सिद्ध बाबा मंदिर के पास घेराबंदी कर ब्रजेश ओझा को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 9.4 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी ब्रजेश ओझा के खिलाफ पूर्व में भी करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *