बुरहानपुर के नेपानगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मांजरोदखुर्द में शुक्रवार को खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक मंजू राजेंद्र दादू और जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने 3 करोड़ 8 लाख 95 हजार रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें मांजरोद से सुसुरखेड़ा मार्ग निर्माण और ग्राम मांजरोदकला में खेलकूद मैदान का निर्माण शामिल है। इन विकास कार्यों में सड़क निर्माण पर 2 करोड़ 28 लाख 95 हजार रुपए तथा खेल मैदान पर 80 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। मांजरोद से सुसुरखेड़ा तक करीब ढाई किलोमीटर लंबा सड़क मार्ग बनेगा, जिससे क्षेत्र के कई गांवों को लाभ मिलेगा। इस सड़क से बारिश में आवागमन की परेशानी दूर होगी और किसानों को कृषि उपज के परिवहन में सुविधा मिलेगी। विधायक बोलीं- खिलाड़ियों के लिए सौगात
विधायक मंजू दादू ने इस अवसर पर कहा कि मांजरोदकला में बनने वाला खेल मैदान युवाओं और खिलाड़ियों के लिए एक विशेष सौगात है। इससे ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और युवा खेल गतिविधियों से जुड़कर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार काम हो रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, शिक्षा, खेल जैसी सुविधाओं से गांवों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ‘अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचेगा’
विधायक मंजू दादू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने नेपानगर विधानसभा को लगातार विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने बताया कि अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने विधायक मंजू दादू के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र को और भी कई सौगातें मिलेंगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा वरिष्ठ नेता किशोर नाना पाटील, जिला पंचायत सदस्य अशोक पटेल, जनपद सदस्य गजाधर बेड़िया, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राहुल जाधव, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि निलेश चौकसे, मनोज टंडन, मंडल अध्यक्ष महेंद्र जोगी, सोनू भावसार, आनंद यादव, सरपंच-सचिव सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


