जालौन में बीएड प्रवेश परीक्षा में 7 केंद्रों पर होगी:3068 परीक्षार्थी होंगे शामिल, नकलविहीन परीक्षा के लिए प्रशासन ने किए कड़े इंतजाम

जालौन में बीएड प्रवेश परीक्षा में 7 केंद्रों पर होगी:3068 परीक्षार्थी होंगे शामिल, नकलविहीन परीक्षा के लिए प्रशासन ने किए कड़े इंतजाम

बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित अधिकारियों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन 31 मई 2026 को दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली सुबह 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा के लिए जनपद में कुल 07 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें गांधी महाविद्यालय उरई, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज उरई, दयानंद वैदिक महाविद्यालय उरई, सनातन धर्म इंटर कॉलेज उरई, सर्वोदय इंटर कॉलेज उरई, आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज उरई एवं राजकीय इंटर कॉलेज उरई शामिल हैं। इन सभी केंद्रों पर कुल 3068 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाकर संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। साथ ही परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, सीलबंद प्रश्नपत्र पैकेटों की सुरक्षा एवं गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी निरीक्षक, कर्मचारी अथवा सपोर्ट स्टाफ द्वारा मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी परीक्षा की गोपनीयता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, संबंधित विभागों के अधिकारी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं परीक्षा से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *