गोंडा जिले में पुलिस और लुटेरों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान एक लुटेरे ओमप्रकाश यादव के दाहिने पैर में गोली लगी है। ये तीनों आरोपी चार दिन पहले सीमेंट व्यापारी प्रेमनाथ गुप्ता से 1 लाख 10 हजार रुपए की लूट में शामिल थे। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि देर रात मनकापुर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शातिर लुटेरे ओमप्रकाश यादव के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने ओमप्रकाश यादव के अलावा आशीष यादव और प्रदीप वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपियों के पास से लूटे गए 1 लाख 10 हजार रुपए में से 44 हजार रुपए नकद बरामद हुए हैं। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा भी जब्त किया गया है। लुटेरों ने सीमेंट व्यापारी प्रेमनाथ गुप्ता पर हेलमेट से हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। यह घटना मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के झिलाही मोड़ से आगे बैरिपुर रामनाथ के पास हुई थी। घटना के तत्काल बाद मनकापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पांच पुलिस टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान की और उन्हें पकड़ने में सफलता हासिल की है। मनकापुर कोतवाल गौरव सिंह तोमर ने बताया कि व्यापारी प्रेमनाथ गुप्ता कई व्यापारियों से पैसे को एकत्रित करके जा रहा था और वह गायत्री पुरम गोंडा में स्थित मोनू सिंह के यहां सीमेंट की दुकान पर काम करता है। रास्ते में इन लोगों ने उसके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था इन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और इनसे पूछताछ की जा रही है।


