विदिशा में एक युवक और युवती ने एक साथ जहर खा लिया। बताया जा रहा है कि दोनों आपस में प्रेम करते हैं और शादी करना चाहते हैं। लेकिन अलग-अलग समाज से होने के कारण उनके विवाह में आ रही अड़चनों से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। गंभीर हालत में दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सिविल लाइन थाना टीआई राजपाल सिंह जादौन के अनुसार, यह घटना गुरुवार दोपहर रंगई क्षेत्र स्थित सुआखेड़ी रोड पर हुई। युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष और युवती की उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई है। दोनों करारिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खामखेड़ा चौकी के एक गांव के रहने वाले हैं और लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। परिवारों की असहमति और सामाजिक भिन्नता के कारण उनके विवाह में लगातार बाधाएं आ रही थीं। बस में सवार होकर भोपाल से पहुंची थी युवती
जानकारी के अनुसार, युवती भोपाल से बस में सवार होकर विदिशा पहुंची और रंगई के पास उतरी, जहां युवक उसका इंतजार कर रहा था। मुलाकात के बाद दोनों ने साथ में जहर खा लिया। कुछ देर बाद सड़क से गुजर रहे लोगों ने उनकी बिगड़ती हालत देखकर तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। पुलिस को दिए बयान में युवती ने प्रेम संबंध और जहर खाने की बात स्वीकार की है, जबकि युवक की हालत गंभीर होने के कारण वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की जांच की जा रही है।


