अयोध्या जनपद में मिले दो अज्ञात शवों की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने पोस्टमाॅर्टम के बाद दोनों शवों का अंतिम संस्कार करा दिया। इनमें से एक युवक की मौत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में हुई थी, जबकि दूसरे का शव शारदा सहायक नहर से बरामद हुआ था। पहला मामला पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 77 पर 24 मई की भोर में हुए सड़क हादसे से संबंधित है। मोतिहारी (बिहार) से अमृतसर (पंजाब) जा रही एक बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर से जा भिड़ी। इस दुर्घटना में कुल तीन लोगों की मौत हुई थी। मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई हादसे में मारे गए दो लोगों की पहचान हो गई थी; एक मृतक सुल्तानपुर जनपद का निवासी था, जबकि दूसरा बिहार का रहने वाला था। पोस्टमार्टम के बाद उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए थे। हालांकि, तीसरे मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने अज्ञात शव को जिला मर्चरी हाउस में रखवाकर पहचान कराने का काफी प्रयास किया। आसपास के जिलों में भी सूचना भेजी गई, लेकिन 72 घंटे बीतने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार पोस्टमार्टम कराकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पहचान कराने की कोशिश की दूसरा मामला कोतवाली रुदौली क्षेत्र से होकर गुजर रही शारदा सहायक नहर का है। यहां 23 मई को एक अज्ञात युवक का शव मिला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और उसकी पहचान कराने की कोशिश की। युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई गई थी। इस शव को भी जिला मुख्यालय स्थित मर्चरी हाउस में रखवाया गया, लेकिन उसकी भी पहचान नहीं हो सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, युवक की मौत पानी में डूबने से हुई थी। पहचान न होने पर पुलिस ने नियमानुसार इस शव का भी अंतिम संस्कार करा दिया।


