Karnataka Politics: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को अपने इस्तीफे दे दिया है। राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद सिद्धारमैया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अपनी विरासत पर बात की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य राजनीतिक विरोधियों द्वारा उनके प्रशासन के आर्थिक प्रबंधन के संबंध में लगाए गए आरोपों का खंडन किया। निवर्तमान मुख्यमंत्री ने इस दावे को खारिज कर दिया कि राज्य की गारंटी योजनाओं ने सरकारी खजाने को दिवालिया कर दिया है। उन्होंने मजबूत राजकोषीय प्रदर्शन की ओर इशारा करते हुए कहा कि जीएसटी संग्रह में कर्नाटक वर्तमान में महाराष्ट्र के बाद देश में दूसरे स्थान पर है। सिद्धारमैया के बयान पर अब भारतीय जनता पार्टी की प्रतिक्रिया सामने आई है।
शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर बोला हमला
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि आज सिद्धारमैया ने इतने दुखी मन से इस्तीफा दिया कि उनके चेहरे पर उदासी साफ झलक रही थी। पैसे ने लोकप्रियता को पीछे छोड़ दिया। लोग यही कह रहे हैं। राहुल गांधी लंबे समय से जाति जनगणना पर भाषण दे रहे थे। अब जब मैं कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों की सूची देखता हूं, तो मुझे ओबीसी समुदाय से कोई भी नजर नहीं आता। यहां हमारे प्रधानमंत्री ओबीसी समुदाय से हैं, और हमारे यहां हर समुदाय से मुख्यमंत्री भी हैं।
सत्ता बांटने के लिए आपस में लड़ रहे कांग्रेस के नेता
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे पर हैदराबाद से भाजपा प्रवक्ता एनवी सुभाष ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की विफलता के अलावा और कुछ नहीं है। दोषारोपण का खेल खेलने के लिए, कांग्रेस पार्टी के नेता अब सत्ता आपस में बांट रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक की जनता को धोखा दिया है क्योंकि उन्होंने विकास के लिए बहुत सारे वादे और झूठी उम्मीदें दीं, लेकिन पिछले कई वर्षों से केवल एक ही व्यक्ति मुख्यमंत्री पद पर नजर रखे हुए है, वह हैं डीके शिवकुमार और वह एटीएम खाता खुलवाने के लिए राहुल गांधी की मदद से मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को पद से हटाना चाहते हैं। अब डीके शिवकुमार अगले दो वर्षों में गांधी परिवार को और अमीर बना देंगे।
पीएम मोदी ने मेरे खिलाफ गलत सूचना फैलाई: सिद्धारमैया
आपको बता दें कि सिद्धारमैया ने कहा था कि हमने जनता से किए गए वादों को पूरा करने का पूरा प्रयास किया है। हमने अपना वादा नहीं तोड़ा है। इससे मुझे और हमारी पार्टी को संतोष मिला है। उन्होंने मेरे बारे में गलत सूचना फैलाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी समेत मेरे खिलाफ गलत सूचना फैलाई है। उन्होंने कहा था कि विकास कार्यों के लिए पैसा नहीं होगा और खजाना खाली हो जाएगा। गारंटी लागू होने के बाद, हम आय के मामले में पूरे देश में पहले स्थान पर हैं। जीएसटी संग्रह में हम दूसरे स्थान पर हैं। महाराष्ट्र पहले स्थान पर है, कर्नाटक दूसरे स्थान पर है।
सिद्धारमैया ने आला कमान कहा धन्यवाद
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ट्वीट किया, ‘आज मैं राज्यपाल की अनुपस्थिति में मुख्यमंत्री पद से अपना त्यागपत्र राज्यपाल के विशेष सचिव को सौंप दिया। अपने अड़तालीस साल के सार्वजनिक जीवन में, मैंने हमेशा गरीबों, शोषितों, उपेक्षितों और समाज में अवसरों से वंचित लोगों के साथ ईमानदारी से खड़े रहने का प्रयास किया है। यही मेरे जीवन का सबसे बड़ा संतोष है। मैं पार्टी के उन विधायकों का सदा आभारी रहूंगा जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया और मुझे नेतृत्व करने के लिए चुना, अपने मंत्रिमंडल के उन सहयोगियों का जिन्होंने हर चुनौती में मेरा साथ दिया। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे का मुझ पर विश्वास करने और मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए धन्यवाद।


