Vaibhav Sooryavanshi feet touching video: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैदान पर उतरने से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) के 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने कुछ ऐसा किया, जिसने करोड़ों क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में मैच से पहले प्रैक्टिस सेशन के दौरान वैभव ने महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। यह वाकया तब हुआ जब सुनील गावस्कर और पूर्व भारतीय कोच संजय बांगर टीवी होस्ट जतिन सप्रू के साथ प्री-मैच शो कर रहे थे। पास में वॉर्म-अप कर रहे वैभव ने जैसे ही दिग्गजों को देखा, उन्होंने अपनी ट्रेनिंग रोकी और पारंपरिक भारतीय अंदाज में दोनों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
जब जतिन ने पैर नहीं छूने दिए…
जैसे ही वैभव ने सुनील गावस्कर और संजय बांगर का आशीर्वाद लिया, वह जतिन सप्रू के पैर छूने के लिए आगे बढ़े। लेकिन तभी वीडियो में एक बेहद मज़ेदार ट्विस्ट आया। जतिन सप्रू ने मस्ती-मस्ती में पैर छूवाने से साफ़ मना कर दिया और हंसते हुए पीछे हटते चले गए ताकि वैभव उनके पैर न छू सकें। जतिन का यह दोस्ताना और फनी अंदाज देखकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
लेकिन वैभव का जलवा सिर्फ मैच से पहले संस्कारों तक ही सीमित नहीं था। मैच शुरू होने से ठीक पहले उन्हें मैदान पर शांति से ध्यान (Meditation) लगाते हुए देखा गया, पर जैसे ही अंपायर ने खेल शुरू किया, वह साक्षात तबाही के रूप में गेंदबाजों पर टूट पड़े।
पहले लिया आशीर्वाद, फिर मचाई तबाही
ओपनिंग करने उतरे वैभव सूर्यवंशी ने हैदराबाद के बॉलिंग अटैक के परखच्चे उड़ाते हुए महज 29 गेंदों में 97 रनों की हैरतअंगेज पारी खेल डाली। इस विस्फोटक पारी के दौरान उन्होंने 12 गगनचुंबी छक्के और 5 चौके जड़े। उन्होंने केवल 16 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की और IPL प्लेऑफ के इतिहास में सुरेश रैना के सबसे तेज अर्धशतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
इसके साथ ही उन्होंने क्रिस गेल का एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। हालांकि, वह एक और बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में 97 पर आउट हो गए और अपनी सेंचुरी से चूक गए।
फाइनल से एक कदम दूर है रॉयल्स
वैभव के इस गदर के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 243/8 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। इसके बाद गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर ने जलवा दिखाते हुए अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड और ईशान किशन को चलता किया।
हैदराबाद की टीम 196 रनों पर ऑलआउट हो गई और राजस्थान ने 47 रनों से धमाकेदार जीत दर्ज की। साल 2023 के बाद पहली बार राजस्थान ने हैदराबाद को हराया है और अब वह क्वालीफायर 2 में गुजरात टाइटंस (GT) से भिड़ने के लिए तैयार है।




9⃣7⃣ seconds of Vaibhav Sooryavanshi doing 𝗩𝗮𝗶𝗯𝗵𝗮𝘃 𝗦𝗼𝗼𝗿𝘆𝗮𝘃𝗮𝗻𝘀𝗵𝗶 𝘁𝗵𝗶𝗻𝗴𝘀 

