रीवा में गुरुवार को अतरैला थाना क्षेत्र के पाठक पुल के नीचे एक अधेड़ के नदी में फंसे होने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंची तो पता चला कि व्यक्ति के पैर में लोहे की सरिया घुस गई है और वह दर्द से तड़प रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए नदी में उतरकर घायल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायल की पहचान रामउजागर प्रजापति (45) निवासी इटमा, थाना अतरैला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामउजागर किसी काम से नदी किनारे गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नदी के गहरे हिस्से में चले गए और वहां मौजूद लोहे की सरिया उनके पैर में घुस गई। इससे वह वहीं फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। एसडीआरएफ की पांच सदस्यीय टीम उपनिरीक्षक विकास कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में मौके के लिए रवाना हुई थी, लेकिन ग्रामीणों के सफल रेस्क्यू के बाद टीम को बीच रास्ते से ही लौटना पड़ा। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि समय रहते रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया। वहीं, स्थानीय लोगों की तत्परता और बहादुरी की सराहना की जा रही है।


