फिरोजाबाद में लाइनमैन की करंट लगने से मौत:परिजनों ने बिजली विभाग के डिवीजन कार्यालय पर किया प्रदर्शन

फिरोजाबाद में लाइनमैन की करंट लगने से मौत:परिजनों ने बिजली विभाग के डिवीजन कार्यालय पर किया प्रदर्शन

फिरोजाबाद के जसराना थाना क्षेत्र में शटडाउन लेने के बावजूद बिजली लाइन ठीक कर रहे एक लाइनमैन की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के डिवीजन कार्यालय पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया, और एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रशासन और बिजली विभाग की ओर से मुआवजे तथा नौकरी के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। जसराना देहात बिजलीघर पर तैनात लाइनमैन रवि कुमार निवासी नगला सामंती शनिवार सुबह बिजलीघर के एसएसओ से शटडाउन लेकर नगला मनी के पास खराब बिजली लाइन को ठीक करने पहुंचे थे। रवि कुमार पोल पर चढ़कर लाइन दुरुस्त कर रहे थे, तभी अचानक तारों में करंट दौड़ गया। करंट लगने से वह बिजली के तारों से चिपक गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना से जुड़ी तस्वीरें… मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बिजली लाइन कटवाकर उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने डिवीजन कार्यालय पर किया प्रदर्शन घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सैकड़ों ग्रामीण ट्रैक्टरों में भरकर जसराना स्थित बिजली विभाग के डिवीजन कार्यालय पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा किया। परिजनों ने मौके पर मौजूद एसएसओ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। सीओ ने परिजनो को कराया शांत सूचना मिलने पर सीओ जसराना प्रेमप्रकाश पांडे, कोतवाल राजेश कुमार पांडे और एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों और परिजनों से वार्ता की। इस दौरान बिजली विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई प्रशासन द्वारा मृतक की पत्नी को संविदा पर नौकरी दिलाने के लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त किया गया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *