बालोतरा शहर में गुरुवार को ईद-उल-अजहा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों में त्योहार को लेकर सुबह से ही उत्साह देखा गया। मुगड़ा रोड स्थित मोमडन ग्राउंड में सामूहिक ईद नमाज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। अमन-चैन की दआएं मांगी नमाज के दौरान देश में अमन-चैन, प्रदेश में अच्छी बारिश और शहर में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए दुआएं मांगी गईं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह देखा गया, जहां वे नए कपड़े पहनकर खुशियां मनाते दिखे।ईद-उल-अजहा के अवसर पर मुस्लिम परिवारों ने अपने घरों में कुर्बानी की रस्म भी अदा की। दिनभर रिश्तेदारों और परिचितों का घरों में आना-जाना लगा रहा। त्योहार के दौरान शहर में सामाजिक एकता और भाईचारे का सुंदर माहौल देखने को मिला। हिंदू और मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। यह पर्व बालोतरा में सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक बना।


