सिरोही जिले में जावाल कस्बे के गोल रोड स्थित नई आबादी की गली नंबर 4 में बिजली विभाग की लापरवाही से एक टूटा कटा बिजली का पोल हादसों का कारण बन रहा है। पिछले 4 दिनों में इस पोल के कारण 2 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ताजा घटना में थानाराम माली (जेठाजी डाबेली वाले) इसी आधे टूटे खंभे और मलबे से टकराकर घायल हो गए। हालांकि, उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं। इससे 2 दिन पहले विनोद कुमार वागाजी माली भी इसी स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हुए थे।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है, पहले भी कई राहगीर और वाहन चालक इस पोल के कारण गिरकर घायल हो चुके हैं। रात के अंधेरे में हादसों का खतरा बढ़ा
स्थानीय निवासी भरत कुमार माली ने बताया कि सड़क पहले से ही टूटी हुई है और यह आधा अधूरा खंभा सड़क के बिल्कुल पास स्थित है। खंभे का लोहे का सरिया अभी भी जमीन से ऊपर की ओर निकला हुआ है। रात के अंधेरे में यह सरिया वाहन चालकों को स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे बाइक सवार अक्सर इससे टकरा जाते हैं। शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
वार्डवासियों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त की है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि इस पोल को हटाने के लिए विभाग को 2 बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं। इसके बावजूद, डिस्कॉम का कोई भी कर्मचारी या अधिकारी इस समस्या का समाधान करने नहीं पहुंचा है। मोहल्ले वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस खंभे और सरिए को हटाकर सड़क को सुरक्षित नहीं किया गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।


