‘उसके पास हर ढीली गेंद को छक्के के लिए भेजने का हुनर’, सनराइजर्स हैदराबाद की हार का विलेन कौन? पैट कमिंस ने बताया कहां हुई चूक

‘उसके पास हर ढीली गेंद को छक्के के लिए भेजने का हुनर’, सनराइजर्स हैदराबाद की हार का विलेन कौन? पैट कमिंस ने बताया कहां हुई चूक

SRH vs RR: पैट कमिंस की कप्‍तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद बुधवार रात एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स से 47 रन से हारने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) सीजन से बाहर हो गई। लीग स्टेज में 14 में से 9 जीतने के बावजूद मुल्‍लानपुर में एसआरएच बेबस दिखी, क्योंकि वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्‍होंने महज 29 गेंदों पर 97 रन बनाते हुए पहली पारी में ही मैच को एकतरफा कर दिया।

खुद कप्‍तान पैट कमिंस ने लुटाए सबसे ज्‍यादा रन

कप्‍तान पैट कमिंस एसआरएच की हार के सबसे बड़े विलेन रहे, क्योंकि उन्होंने अपने चार ओवर के कोटे में बगैर कोई विकेट लिए 64 रन लुटा दिए। मैच से पहले वैभव सूर्यवंशी के लिए प्‍लान बी और प्‍लान सी की बात कर रहे कमिंस की 15 साल के बल्‍लेबाज ने खूब खबर ली और उनके एक ओवर में 25 रन बना डाले। टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद कमिंस का चेहरा उदास और दुखी था, लेकिन उन्होंने सूर्यवंशी की पारी को गेम बदलने वाला पल माना।

‘उसके पास हर ढीली गेंद को छक्के के लिए भेजने का हुनर’

कमिंस ने यह भी कहा कि जब सूर्यवंशी क्रीज पर होते हैं तो गलती की गुंजाइश बहुत कम होती है, क्योंकि उनके पास हर ढीली गेंद को बाउंड्री या छक्के के लिए भेजने का हुनर ​​है। उन्‍होंने कहा कि वैभव काफी अच्छा खेले। ऐसा नहीं लगता कि आपके पास बहुत ज्‍यादा ऑप्शन हैं। यह वाकई एक बहुत अच्छी पिच थी, लेकिन मार्जिन बहुत कम था। अगर आप अपनी यॉर्कर थोड़ी सी भी चूक जाते हैं, तो वह नहीं चूकता है।

‘हम एक बहुत अच्छी टीम बनकर उभरे’

कमिंस ने आगे कहा कि मुझे लगता है कि हम टॉप दो में आने से बस थोड़ा ही दूर थे। हम एक बहुत अच्छी टीम बनकर उभरे। इसलिए आप इससे ज्‍यादा कुछ नहीं मांग सकते। लड़के शानदार रहे हैं, पूरे साल उनका एटीट्यूड, जिस तरह से उन्होंने इसे किया है। ऐसा लगता है कि उन्होंने क्रिकेट का सच में मजा लिया है। इसलिए मैं इससे ज्‍यादा कुछ नहीं मांग सकता।

शीर्ष तीन विकेट गिरने के बाद हाथ से निकला मैच

पावरप्ले में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रैविस हेड के आउट होने के बाद सनराइजर्स कभी भी मुकाबले में नहीं थी। जोफ्रा आर्चर ने सभी जरूरी विकेट लिए। नीतीश कुमार रेड्डी और सलिल अरोड़ा ने 50 से ज्‍यादा रन की पार्टनरशिप की, लेकिन रेड्डी के 38 रन पर आउट होने के बाद सनराइजर्स की सारी उम्मीदें खत्म हो गईं। सनराइजर्स पर इस जीत के साथ रॉयल्स क्वालीफायर 2 में पहुंच गई और रियान पराग की टीम का अगला मुकाबला शुक्रवार को मुल्‍लानपुर में गुजरात टाइटन्स से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *