मंदिर जा-रही युवती से गैंगरेप, पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा:तीन युवकों ने सुनसान इलाके में दिया वारदात को अंजाम; साथ आए युवक से मारपीट कर बंधक बनाया था

मंदिर जा-रही युवती से गैंगरेप, पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा:तीन युवकों ने सुनसान इलाके में दिया वारदात को अंजाम; साथ आए युवक से मारपीट कर बंधक बनाया था

जयपुर कमिश्नरेट के वेस्ट जिले में एक युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने सुनसान इलाके में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे जंगल क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर मेडिकल करवाया है और संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार जयपुर निवासी युवती ने शिकायत में बताया कि वह अपने एक परिचित युवक के साथ मंदिर गई थी। तीनों युवक युवती को सुनसान इलाके में ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वारदात के दौरान आरोपियों ने उसके साथ आए युवक के साथ भी मारपीट की और उसे जंगल की तरफ बंधक बनाकर बैठा दिया, ताकि वह विरोध न कर सके। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक होमगार्ड का जवान बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने तीनों को बापर्दा गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार यह घटना 23 मई की है। पीड़ित युवती अपने एक परिचित युवक के साथ मंदिर में दर्शन करने गई थी। मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद दोनों पास ही स्थित पहाड़ी पर एक जगह बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे तीन स्थानीय युवकों ने छिपकर दोनों का मोबाइल से वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने दोनों को घेर लिया और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने युवक को मारपीट कर साइड में बैठा दिया और युवती के साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। जैसे-तैसे आरोपियों के चंगुल से छूटकर युवती शाम को अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद अगले दिन पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और टीमों का गठन कर तीनों आरोपियों को उनके ठिकानों से दबोच लिया। तीनों आरोपी आसपास के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों को फिलहाल बापर्दा गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता के धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाए जा रहे हैं। इसके बाद जेल में आरोपियों की शिनाख्त परेड कराई जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *