फिरोजाबाद के मीरा चौराहे पर बुधवार रात एक ई-स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी आग का गोला बन गई। चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। यह घटना रात करीब पौने 10 बजे हुई, जब विभव नगर थाना उत्तर निवासी एक युवक अपनी बैटरी संचालित स्कूटी से जा रहा था। रवि यूनिटी हॉस्पिटल के सामने मीरा चौराहे के पास पहुंचते ही स्कूटी से धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, स्कूटी में आग भड़क उठी और कुछ ही सेकंड में पूरी स्कूटी आग की चपेट में आ गई। आग लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। चालक ने तुरंत स्कूटी से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। आसपास मौजूद लोगों ने बाल्टियों और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बैटरी में लगी आग इतनी तेज थी कि उसे नियंत्रित नहीं किया जा सका। घटना के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। धू-धू कर जलती ई-स्कूटी को देखने के लिए राहगीर रुक गए। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने का संभावित कारण बैटरी में शॉर्ट सर्किट या कोई तकनीकी खराबी हो सकती है। इस घटना का वीडियो भी किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद ई-वाहनों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।


