Vaibhav Sooryavanshi Record, Sunrisers Hyderabad vs Rajasthan Royals, Eliminator, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पहले सीजन की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला जा रहा है। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम या न्यू पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
वैभव सूर्यवंशी सबसे तेज शतक से चूके
वैभव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 29 गेंदों पर 5 चौके और 12 छक्कों की मदद से 97 रन की तूफानी पारी खेली। झटका प्रफुल्ल हिंगे ने सूर्यवंशी को आर स्मरण के हाथों कैच कराया। इसी के साथ वे आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से चूक गए। क्रिस गेल ने आईपीएल 2013 में 30 गेंदों में सबसे तेज शतक लगाया था।
वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड
हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए उन्होंने एक के बाद एक लंबे छक्के जड़कर स्टेडियम में सनसनी मचा दी। इसी धमाकेदार पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस सीजन उन्होंने अब तक 63 छक्के जड़ दिए हैं, गेल ने साल 2012 में 59 छक्के लगाए थे। गेल के अलावा अब तक एक सीजन में 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा सिर्फ वैभव सूर्यवंशी ने ही किया है।
एक आईपीएल सीज़न में सर्वाधिक छक्के
63 – वैभव सूर्यवंशी (2026)
59 – क्रिस गेल (2012)
52 – आंद्रे रसेल (2019)
51 – क्रिस गेल (2013)
45- जोस बटलर (2022)
44 – क्रिस गेल (2011)
42 – अभिषेक शर्मा (2024)
40- निकोलस पूरन (2025)
अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में एक सीजन में सबसे ज्यादा रन
इसके अलावा, अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी वैभव के नाम आ गया है। उन्होंने इस सीजन 15 मैचों में 45.93 की औसत से 643 रन बना लिए हैं, जिसमें स्ट्राइक रेट 237.26 रहा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम था, जिन्होंने आईपीएल 2023 में 625 रन बनाए थे। उनसे पहले शॉन मार्श ने 2008 में 616 रन बनाए थे।
अनकैप्ड बल्लेबाजों द्वारा एक IPL सीज़न में सर्वाधिक रन
643 – वैभव सूर्यवंशी (2026)
625 – यशस्वी जयसवाल (2023)
616 – शॉन मार्श (2008)
573 – रियान पराग (2024)
549 – प्रभसिमरन सिंह (2025)
516 – ईशान किशन (2020)
512 – सूर्यकुमार यादव (2018)
वैभव ने की निकोलस पूरन की बराबरी
इस दौरान वैभव आईपीएल में 20 से कम गेंदों में सबसे ज्यादा बार अर्धशतक पूरा करने वाले संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने निकोलस पूरन की बराबरी कर ली। दोनों ने पांच बार आईपीएल में 20 से कम गेंदों में अर्धशतक पूरे किए हैं। वहीं, इस मामले में शीर्ष पर हैदराबाद के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने छह बार यह कारनामा किया है।




Pat Cummins