छिंदवाड़ा शहर के लालबाग स्थित रेलवे श्रीवास्तव कॉलोनी के पास बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में 32 वर्षीय युवक का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान कटकर अलग हुआ हाथ मौके पर पड़ा रहा। कुछ देर बाद एक कुत्ता उसे मुंह में दबाकर ले गया। कॉलोनी में हाथ लेकर घूमते रहा कुत्ता घटना के बाद क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब कुत्ता युवक का कटा हुआ हाथ लेकर कॉलोनी और आसपास के इलाकों में घूमता नजर आया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद हाथ की तलाश शुरू की गई। 6 घंटे तक परेशान रही पुलिस स्थानीय पार्षद आकाश मोखलगाय ने बताया कि हादसे के बाद युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया था, लेकिन इसी दौरान कुत्ता कटा हुआ हाथ मुंह में दबाकर मौके से भाग गया। रेलवे क्रॉसिंग के दोनों तरफ अलग-अलग थाना क्षेत्र होने के कारण पुलिस के बीच समन्वय में भी परेशानी आई और हाथ की तलाश में करीब 6 घंटे लग गए। बाद में पुलिस ने मशक्कत के बाद कटे हुए हाथ को बरामद किया। हाथ जोड़ना संभव नहीं रहा जानकारी के मुताबिक काफी देर तक हाथ खुले में और कुत्ते के कब्जे में रहने के कारण डॉक्टरों के लिए उसे दोबारा शरीर से जोड़ना संभव नहीं रह गया। फिलहाल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल युवक की पहचान सुधीर जानके (32) के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ट्रेन की चपेट में कैसे आया।


