नवविवाहिता की ट्रेन से गिरकर मौत:पूर्णागिरि दर्शन से लौटते समय हुआ हादसा, सिर पोल से टकराया

नवविवाहिता की ट्रेन से गिरकर मौत:पूर्णागिरि दर्शन से लौटते समय हुआ हादसा, सिर पोल से टकराया

बरेली। पूर्णागिरि देवी के दर्शन कर परिवार के साथ घर लौट रही एक 25 वर्षीय नवविवाहिता की बुधवार सुबह ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। भमोरा थाना क्षेत्र में रम्पुरा अंडरपास के पास यह हादसा हुआ, जहां चलती ट्रेन से गिरने के बाद महिला का सिर लोहे के पोल से टकरा गया। मृतका की पहचान बदायूं जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव बमनौसी निवासी खुशबू गुप्ता के रूप में हुई है। खुशबू की शादी इसी वर्ष नवंबर में अंकित माहेश्वरी से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों के अनुसार, खुशबू अपने पति और मां के साथ पूर्णागिरि देवी के दर्शन कर लौट रही थीं। यात्रा के दौरान ट्रेन में गर्मी और उमस अधिक होने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। जी मिचलाने और उल्टी आने पर वह ट्रेन के दरवाजे के पास बैठ गई थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से नीचे जा गिरीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गिरते समय उनका सिर रेलवे ट्रैक किनारे लगे लोहे के पोल से टकरा गया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर भमोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पति और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है, और इलाके में शोक का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *