देश के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर बुधवार को कांग्रेस नेताओं ने हनुमान चौराहा स्थित नेहरू पार्क पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जयवर्धन सिंह के निर्देश पर आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में पार्टी नेताओं ने देश की आजादी और विकास में पंडित नेहरू के अहम योगदान को याद किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित नेहरू का परिवार आर्थिक रूप से काफी संपन्न था। इसके बावजूद उन्होंने महात्मा गांधी के साथ मिलकर देश की आजादी के लिए कड़ा संघर्ष किया और करीब 10 साल जेल की काल कोठरी में बिताए। आधुनिक भारत और बड़े बांधों का कराया निर्माण
रजनीश शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने आधारभूत संरचना का ऐसा मजबूत ढांचा तैयार किया, जिसका लाभ भारत को आज तक मिल रहा है। पंडित नेहरू ने ही आधुनिक भारत की नींव रखी और बड़े बांधों का निर्माण कराया। उनकी दूरगामी सोच का ही परिणाम था कि भारत ने आजादी के कुछ ही वर्षों बाद आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा दिए थे। कार्यकर्ताओं से सिद्धांतों पर चलने का आह्वान
शहर अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पंडित नेहरू की अवधारणा को फलीभूत करने के लिए उनके सिद्धांतों का कड़ाई से पालन करें। इस दौरान श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


