क्वालीफायर 1 में गुजरात टाइटंस की हार का सबसे बड़ा विलेन कौन? शुभमन गिल ने बताया किसकी थी गलती

क्वालीफायर 1 में गुजरात टाइटंस की हार का सबसे बड़ा विलेन कौन? शुभमन गिल ने बताया किसकी थी गलती

IPL 2026 GT vs RCB Highlights: आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस को रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु ने 92 रन से हराकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 5 विकेट पर 254 रन बनाए, जिसमें कप्तान रजत पाटीदार ने सिर्फ 33 गेंद में नाबाद 93 रन ठोक दिए। इस दौरान उन्होंने धर्मशाला में सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।

20 ओवर भी नहीं खेल पाई GT

255 रन के लक्ष्य के जवाब में गुजरात टाइटंस 162 रन पर ही ढेर हो गई। जोस बटलर ने 29 रन बनाए तो राहुल तेवतिया ने 68 रनों की पारी खेली। इसके अलावा 8 बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सके। RCB के बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने भी कमाल का प्रदर्शन किया। जैकब डफी ने 3 विकेट चटकाए तो भुवनेश्वर कुमार, राशिक डार और क्रुणाल पंड्या ने 2-2 विकेट हासिल किए। जोश हेजलवुड को भी एक सफलता मिली।

इस शर्मनाक हार के बावजूद गुजरात टाइटंस को फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा, जहां वह एलिमिनेटर के विजेता से भिड़ेगी। हार के बाद शुभमन गिल ने खुलकर बताया कि किसकी गलती थी। मैच के बाद शुभमन गिल ने कहा, “मुझे लगता है कि हम 12वें-13वें ओवर तक काफी अच्छा खेल रहे थे, लेकिन मुझे नहीं लगता कि हमारी फील्डिंग उस स्तर की थी। हमने कुछ कैच छोड़े और हमारी फील्डिंग उम्मीद के मुताबिक नहीं थी।”

उन्होंने यह भी कहा कि इन गलतियों से सीखेंगे और आगे नई शुरुआत करना चाहेंगे, जहां मोहाली में उनका क्वालीफायर-2 खेला जाना है। साथ ही शुभमन गिल ने यह भी कहा कि, “मुझे नहीं लगता कि आज हमारा दिन था। दबाव वाले हालात में हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए।”

आपको बता दें कि गुजरात टाइटंस का यह आईपीएल इतिहास का तीसरा क्वालीफायर 1 मैच था। इससे पहले उसने दो बार क्वालीफायर 1 खेला था, एक में जीत मिली थी और एक में उसे हार का सामना करना पड़ा था। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए ये साबित कर दिया कि यूं नहीं टेबल टॉपर बने थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *