जयपुर के बहुचर्चित अनु मीणा आत्महत्या प्रकरण में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद अब मृतका के नौ वर्षीय बेटे के बयान ने मामले को और गंभीर बना दिया है। वीडियो में बच्चा अपनी मां को गिलास में कुछ मिलाकर देता नजर आ रहा था। पत्रिका ने जब इसकी पड़ताल की तो मासूम बच्चे ने कई आश्चर्यजनक खुलासे। मासूम ने बताया कि मारपीट के बाद उसकी मां अक्सर नमक का पानी मांगती थीं।
पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे ने बताया, ‘पापा रोज मम्मा को पीटते थे। कई बार जूतों से भी मारते थे। तब मम्मा कहती थीं कि लड़ाई और मारपीट से उनका बीपी लो हो जाता है, इसलिए नमक का पानी पिला दिया कर।’ बच्चे ने बताया कि इसीलिए मैंने टेबल पर रखी नमकदानी से नमक मिलाकर मां को पानी दिया था।
हर छोटी बात पर पड़ती थी मार
मासूम ने बताया कि पापा अक्सर मम्मा की तुलना दूसरी महिलाओं से करते थे, जिससे घर में रोज लड़ाई होती थी। उसने कहा कि फरवरी में गांव में एक रात मैं और मम्मा सो रहे थे, तभी पापा आए और बोले, इतनी जल्दी क्यों सो गई… फिर पिटने लगे। पापा कहते थे, तुझे तो बस ब्रश से सजना-संवरना आता है। जब पापा देर से घर आते और मम्मा पूछती तो भी वो पिटने लग जाते।
मम्मा का गुस्सा हम पर निकलता
बच्चे ने बताया कि मम्मा का सारा गुस्सा मेरे और बहन पर उतरता था। मम्मा कभी-कभी उसे और उसकी बहन को डांट देती थीं, लेकिन हाथ नहीं उठाती थीं। पापा को गुस्सा बहुत आता था, वो हमें कहते तुम कमजोर हो, पढ़ते नहीं हो। क्रिकेट भी नहीं खेल सकते।
… और रो पड़ा मासूम
घटना से एक दिन पहले वाली रात की बात बताते हुए मासूम रो पड़ा। उसने कहा, ‘मैं सुबह स्कूल नहीं जाना चाहता था, लेकिन मम्मा ने जबरदस्ती मुझे स्कूल भेज दिया। बाद में नाना के घर पहुंचने पर पता चला कि मम्मा अब इस दुनिया में नहीं रहीं।’ बच्चे ने बताया कि ‘घर में कैमरे मां ने ही लगवाए थे और वे उनके मोबाइल से जुड़े थे।’ पापा के बारे में पूछने पर बच्चे ने कहा, ‘पता नहीं वो कहां है।’ मुहाना थाना पुलिस फिलहाल बालाजी विहार निवासी आरोपी इंजीनियर पिता गौतम मीणा की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


