10 घंटे की धूप और 43 डिग्री में तपा कानपुर:28 मई तक लू चलेगी, 29 व 31 का आंधी बारिश के आसार

10 घंटे की धूप और 43 डिग्री में तपा कानपुर:28 मई तक लू चलेगी, 29 व 31 का आंधी बारिश के आसार

शहर पर गर्मी का ऐसा कहर टूटा है कि लोग सुबह से ही पसीने-पसीने हो जा रहे हैं। सूरज के तेवर इतने तल्ख हैं कि सुबह आठ बजे से ही सड़कें तवे की तरह तपने लगीं। बीते कई दिनों से करीब 10 घंटे की सीधी धूप लोगों को झुलसा रही है। सीएसए के वेदर स्टेशन के अनुसार मंगलवार को 10 घंटे दो मिनट तक तेज धूप रिकॉर्ड की गई। दोपहर के वक्त लू के थपेड़े ऐसे चल रहे थे कि बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं था। मौसम विभाग ने 28 मई तक लू का अलर्ट जारी किया है। लू के थपेड़ों ने किया बेहाल लगातार दूसरे दिन पारा 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से आमजन बेहाल दिखे। दोपहर होते ही लू के थपेड़ों ने बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। हालत यह रही कि बाजारों और सड़कों पर निकलने वाले लोग गमछा, दुपट्टा और कपड़े से मुंह ढंककर चलते नजर आए। चौराहों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है। नगर निगम चलवा रहा वाटर स्प्रिंकलर गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम भी मैदान में उतर आया है। शहर की प्रमुख सड़कों पर वाटर स्प्रिंकलर चलवाए जा रहे हैं ताकि गर्म हवा और धूल से कुछ राहत मिल सके। हालांकि तपिश इतनी ज्यादा है कि पानी का असर भी कुछ देर में गायब हो जा रहा है। ऐसा रहा तापमान सीएसए के वेदर डिपार्टमेंट की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं 29 से 31 मई के बीच आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अगर मौसम बदला तो लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। दिनभर तेज धूप रहने के आसार मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले 24 घंटों में कानपुर में भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) का प्रकोप रहेगा। आसमान मुख्य रूप से साफ और चमकदार धूप वाला बना रहेगा। आसमान में बादल छाने या बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। दोपहर के समय पारा 43°C से 46°C के बीच रहेगा। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच तीखी धूप के कारण अत्यधिक गर्मी महसूस होगी। आसमान बिल्कुल साफ रहेगा। दिन में बादल छाने की कोई संभावना नहीं है। मौसम पूरी तरह शुष्क (Dry) और बेहद गर्म रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *