गर्मी का असर बढ़ते ही भोपाल के लोग पेयजल और बिजली दोनों की सप्लाई से परेशान हैं। अयोध्या बायपास के निर्माण से ज्यादा मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। खुदाई में पेयजल लाइन और पेड़ कटाई से बिजली लाइन टूट रही है। इससे पानी और बिजली की सप्लाई प्रभावित हुई है। पिछले 15 दिन में 12 बार पाइप लाइन फूट चुकी है। अयोध्या नगर, मीनाल रेसीडेंसी समेत करोंद से लेकर रायसेन रोड तक की कई कॉलोनियों में हर रोज बिजली गुल हो रही है। दरअसल, एनजीटी की परमिशन मिलते ही सड़क किनारे हजारों पेड़ों की कटाई शुरू कर दी गई। कई बार पेड़ों की टहनियां बिजली लाइन पर गिर जाती है। इस कारण बिजली की सप्लाई पर असर पड़ा है। 15 दिन में 12 बार कटी लाइन
अयोध्या बायपास पर निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की खुदाई में तीन जगह मुख्य पाइपलाइन कट गई। इससे जोन 15, 16 और 17 के हथाईखेड़ा, नरेला शंकरी, गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया, अयोध्या नगर, भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल क्षेत्र, भानपुरा, बड़वई, छोला, करोंद और नवीबाग सहित आसपास के इलाकों में पानी की समस्या खड़ी हो गई। नगर निगम के मुताबिक, बीते 15 दिनों में यहां 12 बार पाइपलाइन कट चुकी है। हर बार मरम्मत में करीब 6 घंटे लगते हैं, जिससे सप्लाई व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। कोलार में बिजली शटडाउन का असर
करीब एक सप्ताह पहले कोलार क्षेत्र में 33 केवी बिजली लाइन शिफ्टिंग के लिए शटडाउन लिया गया था। इससे जोन 18 और 19 के कई इलाकों में पानी सप्लाई बंद रही। व्यवस्था सामान्य होने में एक सप्ताह लगा, लेकिन मंगलवार को फिर 33 केवी लाइन बंद होने से राजहर्ष और आसपास के क्षेत्रों में परेशानी बढ़ गई।


