सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत मेटेवानी आरटीओ चेकपोस्ट पर मंगलवार रात ट्रक चालकों ने जमकर हंगामा किया। एक ट्रक चालक के साथ चेकिंग कर्मियों द्वारा की गई कथित मारपीट से नाराज 100 से अधिक चालकों ने आरटीओ के वाहन में तोड़फोड़ कर उसे पलटा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेकपोस्ट के पास स्थित एक कच्ची झोपड़ी को भी आग के हवाले कर दिया। माहौल बिगड़ता देख आरटीओ अधिकारी और कर्मचारी मौके जान बचाकर भागे। मारपीट के बाद उग्र हुए 100 से अधिक चालक जानकारी के अनुसार, चेकपोस्ट पर वाहनों की नियमित जांच के दौरान रात करीब 10 बजे कर्मचारियों और एक ट्रक चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कर्मचारियों ने चालक के साथ मारपीट की, जिसकी खबर मिलते ही हाईवे पर मौजूद बड़ी संख्या में अन्य चालक मौके पर जमा हो गए। माहौल बिगड़ता देख आरटीओ अधिकारी और कर्मचारी मौके से हट गए। आरटीओ गाड़ी पलटी और झोपड़ी में लगाई आग इस दौरान आक्रोशित चालकों ने चेकपोस्ट पर खड़े आरटीओ वाहन को निशाना बनाया और उसे पलटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने पास बनी एक झोपड़ी में आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हंगामे के चलते नेशनल हाईवे-44 पर करीब 15 मिनट तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने संभाली स्थिति, पीड़ित चालक फरार घटना की सूचना मिलते ही फ्लैग मार्च कर रही कुरई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालकों को समझाइश देकर मामला शांत कराया और यातायात बहाल किया। हालांकि, जिस चालक के साथ मारपीट हुई थी, वह शिकायत दर्ज कराने के बजाय अपना ट्रक लेकर महाराष्ट्र की ओर चला गया।
मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन घटना के बाद आरटीओ देवेश बाथम और तहसीलदार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरटीओ अधिकारी ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। कुरई थाना प्रभारी कृपाल सिंह तेकाम ने बताया पीड़ित चालक की तलाश की जा रही है ताकि उसके बयान के आधार पर वास्तविक घटनाक्रम का पता लगाकर वैधानिक कार्रवाई की जा सके।


