अहमदाबाद महानगरपालिका (एएमसी) के नए महापौर (मेयर) के रूप में शहर के थलतेज वार्ड के भाजपा पार्षद हितेश बारोट की नियुक्ति की गई है। भाजपा की प्रचंड जीत के बाद पार्टी नेतृत्व ने मंगलवार को उनके नाम पर मुहर लगाई। साबरमती वार्ड की अंजू शाह को उप महापौर (डिप्टी मेयर) बनाया गया है। वे राजस्थान के सिरोही जिले की मूल निवासी हैं और साबरमती से दूसरी बार पार्षद चुनी गईं। उधर खोखरा वार्ड के पार्षद कमलेश पटेल को स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) का चेयरमैन और शाहीबाग वार्ड के पार्षद जशु ठाकोर को शासक पक्ष का नेता नियुक्त किया गया है।
चांदखेड़ा वार्ड के अतुल मिश्रा की सचेतक के रूप में नियुक्ति की गई है जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं।बारोट लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहे हैं। वे वर्ष 1986 में भाजपा से जुड़े थे और वर्ष 2021 में वे पहली बार थलतेज वार्ड से पार्षद चुने गए थे। उन्हें अहमदाबाद मनपा में स्टैंडिंग कमेटी (स्थायी समिति) के चेयरमैन के रूप में भी अहम भूमिका निभाई।
बारोट को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है। वे भाजपा के ओबीसी चेहरे के रूप में भी पहचान रखते हैं। पार्टी संगठन और प्रशासनिक अनुभव के चलते उन्हें मेयर पद की दौड़ में मजबूत दावेदार माना जा रहा था। चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनकी संपत्ति करीब 109 करोड़ रुपए बताई गई थी। भाजपा ने अहमदाबाद महानगरपालिका में कुल 192 में से 160 सीटों पर जीत दर्ज कर लगातार पांचवीं बार सत्ता हासिल की है।
विकसित-सुविधाजनक शहर बनाने के होंगे प्रयास
निर्वाचित महापौर बारोट ने पदभार संभालने के बाद कहा कि उनकी सबसे पहली प्राथमिकता शहर के हर नागरिक की मूलभूत जरूरतें पूरी करना होंगी। अहमदाबाद पहले से ही अग्रणी शहर है, लेकिन इसे देश का सबसे विकसित और सुविधाजनक शहर बनाने के लिए वे टीम के साथ लगातार प्रयास करेंगे। उन्होंने स्वीकार किया कि अहमदाबाद में ट्रैफिक और बरसात के दौरान पानी भराव की समस्या गंभीर है। बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या ने इस स्थिति को जटिल बना दिया है। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
बारोट के मुताबिक पुलिस और महानगरपालिका के बीच बेहतर समन्वय से ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करेंगे। बारिश के पानी भराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
कॉमनवेल्थ गेम्स, ओलंपिक तैयारी पर रहेगा फोकस
महापौर ने बताया कि अहमदाबाद को आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक खेल जैसे वैश्विक आयोजनों की मेजबानी का अवसर मिलेगा। महानगरपालिका के अधीन आने वाले सभी ढांचागत कार्यों को समय सीमा में पूरा कराना उनकी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाएं समय-समय पर बदलती हैं। हर नागरिक को उनकी रोजमर्रा की जरूरतों के अनुसार स्मार्ट सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का भी उन्होंने संकल्प लिया।
मनपा के नए पदाधिकारी
पद नाम
महापौर हितेश बारोट (थलतेज)
उप महापौर अंजू शाह (साबरमती)
स्थायी समिति चेयरमैन कमलेश पटेल (खोखरा)
सत्ता पक्ष के नेता जशु ठाकोर (शाहीबाग)
सचेतक अतुल मिश्रा (चांदखेड़ा)


