लखनऊ के नाका इलाके में पति से कहासुनी के बाद एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। राजेंद्र नगर निवासी नीरज अमीनाबाद स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करता है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उसकी पत्नी नेहा (23) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद नीरज नाराज होकर घर से बाहर चला गया। कुछ देर बाद लौटने पर उसने कमरे में नेहा को दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से नेहा को नीचे उतारकर केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फतेहपुर निवासी नेहा की मां ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी पड़ोसियों के जरिए मिली। उन्होंने पुलिस से नीरज से पूछताछ कर कार्रवाई की मांग की है। नाका पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


