उत्तराखंड के ऋषिकेश में हरियाणा के युवकों को निर्वस्त्र कर पीटने के मामले के बाद सोशल मीडिया पर हरियाणा के इन्फ्लुएंसर्स “Boycott Uttarakhand” ट्रेंड करा रहे हैं। सोशल मीडिया पर लगातार उत्तराखंड के खिलाफ वीडियो बनाकर डाले जा रहे हैं। लेकिन उत्तराखंड और हरियाणा पुलिस इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है, जिससे हेट स्पीच बढ़ती जा रही है। हरियाणा के लोगों का कहना है कि ऋषिकेश के काले की ढाल इलाके में एक महिला से हुई गलतफहमी के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई थी। इसके बाद लोगों ने हरियाणा के कुछ युवकों की पिटाई कर दी और उनकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी। इसके बाद से हरियाणा के इन्फ्लुएंसर्स लगातार उत्तराखंड के लोगों को टारगेट कर रहे हैं। वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कहा- “मैं दोनों ही प्रदेशों के लोगों से कहना चाहता हूं कि उत्तराखंड देवभूमि है, इसलिए यहां की मर्यादा बनाए रखें और अनर्गल बयानबाजी से बचें।” उन्होंने ऋषिकेश में हुई घटना की निंदा करते हुए कहा कि कानून इस मामले में अपना काम कर रहा है और दोषियों को उत्तराखंड पुलिस बख्शेगी नहीं। वहीं, मामले पर कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि मामला इस प्रकार से सुलझाना चाहिए ताकी दोनों राज्यों के बीच विवाद न हो। पहले पढ़िए हरियाणा के इन्फ्लुएंसर क्या कह रहे हैं… हरियाणा के इन्फ्लुएंसर हर्ष छिकारा ने कहा- हरिद्वार और ऋषिकेश को हरियाणा का आदमी चलाता है। इनके चूल्हे हम चलाते हैं। एक साल तक हरियाणा के लोगों पर हरिद्वार और ऋषिकेश जाने से बैन लगना चाहिए। भूखे मर जाएंगे ये लोग एक साल में गारंटी है इस बात की। मैं कहता हूं कि इन लोगों की अकल ठिकाने आ जाएगी। वहां के लोगों को HR नंबर से दिक्कत है। HR नंबर देखते ही उन्हें मारने का बहाना मिल जाता है। अब 3 पॉइंट में पूरा बयान हरियाणा में चुनाव भी लड़ चुके हैं हर्ष छिकारा हर्ष छिकारा हरियाणा के फेमस सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर हैं। उनके कई मिलियन फॉलोअर्स हैं। 2024 में वह हरियाणा के गोहाना से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे हर्ष छिकारा को 14 हजार से अधिक वोट मिले पर वह हार गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 1.3 करोड़ रुपए है। हरियाणा के रोहतक के रहने वाले इन्फ्लुएंसर सनी ने कहा- ऋषिकेश के ये जो लोग हैं, ये भूखे हैं। इनके पास क्या है? ये हरियाणा वालों की वजह से फलते-फूलते हैं। अगर हम वहां जाना छोड़ दें, तो ये लोग भूखे मर जाएंगे। ऋषिकेश और हरिद्वार के लोग कटोरा लेकर भीख मांगेंगे। इसके अलावा एक अन्य इन्फ्लुएंसर ने कहा- अगर हरियाणा वाले उर (यहां) आना-जाना बंद कर दें, और स्टेट्स (राज्यों) के अगर आना-जाना बंद कर दें तो भूखे मरेंगे ये। म्हारे (हमारे) उससे ही इनके बालक पल रहे हैं। म्हारे वाले उर छुट्टियां में लाखों-करोड़ों रुपए खर्च करके जावें। तो इनका क्या वजूद है इन आदमियों का? जे (यदि) हरियाणा वाले नहीं आवेंगे ना तो थाम (तुम) ऋषिकेश वाले भूखे मर जाओगे। तो मैं विरोध करूं भाई ऋषिकेश आला का। मैं ऋषिकेश नहीं जाता हूं घूमने खातिर। और इस वीडियो को इतना शेयर करो ताकि हर हरियाणा के उस बंदे खातिर पहुंचे जो ऋषिकेश जाने की सोचे है घूमने। चौटाला बोले-हरियाणवी होने के नाते टारगेट कर रहे मामले में जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने इसे ‘हरियाणवी अस्मिता’ पर हमला बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यटन स्थलों पर HR नंबर की गाड़ियों को जानबूझकर टारगेट किया जाता है और भीड़तंत्र द्वारा की गई यह बर्बरता निंदनीय है। चौटाला ने ‘अखंड भारत’ का नारा देने वाले दलों को घेरते हुए कहा कि हरियाणवियों को इस भेदभाव और दुर्व्यवहार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी ताकि भविष्य में किसी निर्दोष पर्यटक के साथ ऐसा व्यवहार न हो। अब जानिए क्या था पूरा मामला… गलत इशारे करने पर भड़की भीड़ : कैथल के सतीश कुमार के मुताबिक, 20 मई को वह अपने दोस्त सतबीर के साथ ऋषिकेश घूमने गए थे। बुधवार शाम वेन्यू गाड़ी (HR08AL9398) में सवार काली के ढाल के पास पहुंचे। आरोप है कि इन युवकों ने अपनी मां के साथ आई एक 8 वर्षीय लड़की की तरफ कुछ इशारे किए। इसी दौरान भीड़ ने दोनों को पीटना शुरू कर दिया। वेन्यू कार पर पथराव किया। पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिए। फिर दोनों को गाड़ी से बाहर घसीट लिया। उसके बाद शर्ट उतारकर पीटने लगे। कपड़े उतारकर सड़क पर नंगा घुमाया : सतीश कुमार के मुताबिक, भीड़ ने दोनों युवकों के कपड़े उतारकर सड़क पर नंगा कर घुमाया। भीड़ को बढ़ता देख महिला ने पुलिस को इसकी सूचना दी। आईडीपीएल चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल पर्यटकों को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। HR नंबर गाड़ी देख किया टारगेट : सतीश कुमार ने दैनिक भास्कर एप से बातचीत में आरोप लगाया कि HR नंबर की गाड़ी देखकर हमें टारगेट किया गया था। हमने ऐसा कोई काम नहीं किया, जिससे किसी नाबालिग को परेशानी हो। हमने ऋषिकेश पुलिस को शिकायत दी है। अब उत्तराखंड में हरियाणा के टूरिस्टों को जान बूझकर प्रताड़ित किया जा रहा है। मां बोलीं- बेटी को इशारा किया था वहीं लड़की की मां ने बताया था कि गाड़ी में सवार युवकों ने उसकी बेटी को कुछ इशारा किया था। इस पर महिला ने गाड़ी रुकवाई। उनकी बातचीत के दौरान ही लोगों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। एसपी ने कहा कि मामले में मुख्य बात यह है कि जिस प्रकार भीड़ में शामिल लोगों ने युवकों से मारपीट की, वह उचित नहीं है। अगर कोई छेड़खानी जैसी घटना थी, तो पहले पुलिस को बताना चाहिए था। कानून को अपने हाथ में लेना किसी भी प्रकार से उचित नहीं है। मामले में एसपी के मुताबिक, कैथल के सतबीर सिंह की ओर से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी, सोशल मीडियो से मिले वीडियो के आधार पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों ऋषिकेश निवासी अशोक थापा और नरेश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया था।


