नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर सपा प्रमुख अखिलेश के पुलिसवालों पर दिए बयान को लेकर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर उन्नाव में हुए बस हादसे से जुड़ी है। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1. ढाई करोड़ की कार वाले गमले चुरा ले गए’, लखनऊ में योगी बोले- मैंने CCTV में देखा सीएम योगी ने लखनऊ में कहा कि ढाई करोड़ की कार वाले 45 रुपए का गमला चोरी कर रहे। हम लोगों ने ये गमले आप ही के पैसों से शहर की सुंदरता के लिए लगवाए हैं। जितना पैसा गाड़ी रोक कर तेल बर्बाद करने में लगा रहे हैं उन्हीं पैसोंं से गमला खरीद कर घर ले जाएं। मैंने सीसीटीवी में उन्हें खुद देखा। यह भी सोचा कि चौराहे पर उनकी फोटो लगवाऊं। पूरी खबर पढ़ें… 2. अखिलेश बोले- फर्जी एनकाउंटर करने वाले पुलिसवाले तिल-तिलकर मरते हैं, BJP ने पूछा- इतना दर्द क्यों? सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ में कहा- फर्जी तरीके से एनकाउंटर करने वाले पुलिसवाले तिल-तिलकर मरते हैं। यूपी में जिस एनकाउंटर के पीछे मर्जी चली तो समझो वह फर्जी है। फर्जी एनकाउंटर में शामिल पुलिसवालों को ये जरूर सोचना चाहिए कि सरकार अपने फायदे के लिए किस तरह उनका इस्तेमाल कर रही है। पूरी खबर पढ़ें… 3. उन्नाव में एक्सप्रेस-वे पर AC बस पलटी, दरोगा समेत 7 की मौत, खिड़कियों से गिरे लोग, 25 घायल उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर AC बस मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दरोगा-कैदी समेत 7 यात्रियों की मौत हो गई। 3 पुलिसकर्मी समेत 25 लोग घायल हैं। दिल्ली से बिहार जा रही बस में 36 यात्री सवार थे। बस एक्सप्रेस-वे की रेलिंग पर लटक गई। यात्री खिड़कियों से नीचे गिर गए। एक का पैर कटकर अलग हो गया। पूरी खबर पढ़ें… 4. यूपी में आंधी-तूफान, घरों की टंकियां उड़ीं, पेड़-पोल उखड़े, 6 की मौत; 39 जिलों में लू का भी अलर्ट यूपी में नौतपा के दूसरे दिन मंगलवार तड़के लखीमपुर खीरी में आंधी-तूफान आया। पेड़-पोल उखड़ गए। घरों की टंकियां उड़ गईं। सुबह ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी बढ़ गई। आज 39 शहरों में हीटवेव का अलर्ट है। इनमें 3 शहर बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज में रेड अलर्ट है। यहां बहुत गर्म हवाएं चलेंगी। पूरी खबर पढ़ें… 5. ‘प्रेमानंदजी जब तक ठीक नहीं होंगे, इंतजार करेंगे’, बंगाल से आई भक्त बोली- महाराज जी की तबीयत में सुधार कोलकाता से 1400 किमी दूर वृंदावन आई महिला श्रद्धालु ने कहा- प्रेमानंद महाराज अभी दर्शन नहीं दे रहे। हम सब यहां रुककर इंतजार करेंगे। मुझे राधा-रानी पर भरोसा है। जल्द महाराज जी स्वस्थ होंगे। फिर हम लोग आशीर्वाद लेकर घर जाएंगे। देश के कई राज्यों से भक्त प्रेमानंदजी के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। दरअसल, प्रेमानंदजी की तबीयत 10 दिनों से खराब है। पूरी खबर पढ़ें… अब 8 अहम खबरें… 6. मां गंगा को 5100 साड़ियों से बनी चुनरी चढ़ाई, गंगा दशहरा पर अयोध्या-काशी में भीड़ गंगा दशहरा पर वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या समेत प्रदेश में कई शहरों में घाटों पर मंगलवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। काशी के असी घाट पर मां गंगा को 12 राज्यों से आई 5100 साड़ियों (25,500 फीट) की चुनरी चढ़ाई गई। 501 लीटर दूध से गंगा का अभिषेक किया गया। प्रयागराज में संगम पर और अयोध्या के सरयू घाट पर भी श्रद्धालु दान-पुण्य कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें… 7. मुजफ्फरनगर में बेटे की पार्टी में दामाद ने की फायरिंग, सास समेत 3 महिला गंभीर, मेरठ रेफर मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पॉश पंचशील कॉलोनी सोमवार रात करीब 8:30 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी। बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान एक दामाद ने अपनी ही ससुराल में लाइसेंसी रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीनों को गोली लगने के बाद लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। पूरी खबर पढ़ें… 8. लखनऊ के कसमंडी किले पर विवाद, पुलिस बल तैनात, हिंदूवादी नेता बोले- मौलाना क्यों भागा लखनऊ के मलिहाबाद स्थित कसमंडी कलां इलाके में पुराने किले को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ गया है। मंगलवार को कुछ हिंदूवादी नेता यहां पूजा की थाली लेकर पहुंच गए। स्थल के पास तैनात पुलिस बल के जवानों ने उन्हें रोक दिया, तो जमीन पर बैठ गए। वहीं से किले की तरफ मुंह करके आरती उतारी। ये सभी अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारी थे। पूरी खबर पढ़ें… 9. प्रयागराज में छात्रों ने कंप्यूटर-कुर्सियां तोड़ीं, SSC परीक्षा में सर्वर फेल होने से भड़के प्रयागराज में हुई SSC-GD भर्ती परीक्षा के दौरान मंगलवार को सर्वर फेल होने पर परीक्षार्थियों ने हंगामा कर दिया। पहली शिफ्ट की परीक्षा निर्धारित समय 10 बजे शुरू हुई। इसके लिए 600 परीक्षार्थी थे, लेकिन 450 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए। परीक्षा जैसे ही शुरू हुई, कंप्यूटर का सर्वर डाउन हो गया। उन्होंने कमरों में रखे कंप्यूटर-कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दीं। पूरी खबर पढ़ें… 10. गोरखपुर में गर्दन रेतकर युवक की हत्या, लाश बोरे में भरकर फेंकी, लड़की के घर हंगामा किया था गोरखपुर में एक युवक की बेरहमी से गर्दन रेतकर हत्या कर दी गई। शव को बोरे में भरकर नदी में फेंक दिया। मंगलवार को राहगीरों की नजर नदी में उतराते बोरे पर पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोरी को बाहर निकलवाया तो लाश मिली। गर्दन पर गहरे जख्म थे। हाथ बंधे हुए थे। कपड़ों पर लगे स्टीकर से पुलिस टेलर के पास पहुंची। वहां से मृतक के घर का पता चला। पूरी खबर पढ़ें… 11. मेरठ में राजकीय निर्माण निगम का JE रिश्वत लेते गिरफ्तार, ठेकेदार से 1 लाख की घूस मांगी थी मेरठ में एंटी करप्शन की टीम ने उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के जूनियर इंजीनियर योगेंदर कुमार को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। जेई ने बिल पास कराने की एवज में रिश्वत मांगी थी। मामले में दो लोग गिरफ्तार किए गए हैं, जिसमें यूनिट इंचार्ज प्रत्यूष सिंह का ड्राइवर नीरज भी शामिल है। ठेकेदार ने आरोपी जेई योगेंदर की शिकायत की थी। पूरी खबर पढ़ें… 12. कैंची धाम जा रहे 4 दोस्तों की मौत, बाराबंकी में 100 स्पीड में हाईवे पर ट्रेलर में घुसी इनोवा बाराबंकी में 100 की स्पीड में इनोवा कार चलते ट्रेलर में पीछे से घुस गई। हादसे में सरकार डॉक्टर समेत चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर है। इनोवा सवार कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा मंगलवार तड़के करीब 3 बजे हैदरगढ़ इलाके में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर हुआ। पुलिस की जांच में ड्राइवर को झपकी आने की बात सामने आई है। पूरी खबर पढ़ें… 13. कानपुर में RBI अफसर बनकर रिटायर्ड जेई से 95 लाख ठगे, 9 साल झांसा देने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार कानपुर में 12 वीं पास ठग ने RBI अफसर बनकर रिटायर्ड जेई से 9 साल में 95 लाख की ठगी की। आरोपी ने ठगी की रकम अपने और पत्नी के खाते में मंगवाई। नजीराबाद पुलिस ने ठगी करने वाले दंपती को अरेस्ट कर लिया है। पति-पत्नी ने ठगी की रकम से एक XUV कार, iPhone-15 खरीदा था। ठगों ने भरोसे में लेने के लिए रिटायर्ड जेई को RBI का लेटर भी दिया था। पूरी खबर पढ़ें… खबर जो हटकर है… 14. आगरा में दिव्यांग शिकायतों की लड़ी लटकाकर कलेक्ट्रेट पहुंचा, साइकिल पर लिखा- मैं हूं कॉकरोच आगरा कलेक्ट्रेट में मंगलवार को दो युवक ट्राई साइकिल पर मेडिकल रिपोर्ट और शिकायतों की लड़ी लटका कर पहुंचे। उन्होंने अपनी व्हील चेयर पर ‘मैं हूं कॉकरोच’ का पोस्टर लगा रखा था। उन्होंने बताया कि वो स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते परेशान हैं। विभाग के अधिकारियों के व्यवहार के चलते वो एक साल से न्याय के लिए भटक रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें… कल कैसा रहेगा मौसम… 15. पूरे यूपी में नौतपा का असर दिखेगा 27 मई को मौसम विभाग ने पूरे यूपी में भीषण लू की चेतावनी जारी की है। बांदा, प्रयागराज, झांसी और आगरा जैसे शहरों में दिन का तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…


