फर्रुखाबाद स्टेशन यार्ड में लखनऊ-बांद्रा एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। इस दौरान ट्रेन के एसी कोच B5 का बाहरी शीशा टूट गया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी ने घटना के संबंध में एक वेंडर को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 20921 लखनऊ-बांद्रा एक्सप्रेस स्टेशन से निकलकर यार्ड में पहुंच रही थी। तभी अचानक एक पत्थर एसी कोच की खिड़की से टकराया, जिससे बर्थ संख्या 25 और 27 के पास का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया। जांच में पता चला कि प्लेटफार्म संख्या 2-3 पर पानी बेचने वाले वेंडर का एक यात्री से खुले पैसों को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि गुस्से में आकर वेंडर ने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिया, जिससे कोच का शीशा टूट गया। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी ने आरोपी वेंडर को मालगोदाम प्लेटफार्म के पास से गिरफ्तार कर लिया। वेंडर गढ़िया कॉलोनी, थाना मऊदरवाजा का निवासी है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। अभियुक्त के खिलाफ रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है l।


