हापुड़ में ब्राह्मण समाज ने गौतमबुद्धनगर के जेवर क्षेत्र स्थित गांव बनवारीवास उर्फ बनवारीपुर में 15 वर्षीय गोपाल शर्मा की जघन्य हत्या पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। समाज के लोगों ने धरना प्रदर्शन किया और उपजिलाधिकारी (SDM) को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की गई। ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नानकचंद शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के लोग नगर पालिका परिषद स्थित धरना स्थल पर एकत्र हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए नोएडा में मासूम गोपाल शर्मा के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोरतम सजा की मांग की। सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए प्रदर्शन के बाद, महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी ईला प्रकाश के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि गोपाल शर्मा हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर उन्हें फांसी की सजा दिलाई जाए। ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने कहा कि जिस निर्ममता से मासूम की हत्या की गई है, उसने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने इस घटना को कानून-व्यवस्था के लिए एक गंभीर चुनौती बताया। समाज ने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार करने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाई है, जिससे लोगों में रोष बढ़ रहा है। ये लोग मौके पर रहे मौजूद महासभा पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर विक्की शर्मा, भरत लाल शर्मा, बॉबी पाठक, रोहित शर्मा, अनुराग वत्स, दीपक शर्मा, विशाल शर्मा, राहुल शर्मा, कपिल शर्मा, डॉ. करुण शर्मा, निशांत शर्मा, अभिषेक कौशिक, प्रशांत कौशिक, अमरनाथ शर्मा, प्रवीण शर्मा, प्रवीण पाठक, मयंक शर्मा, सोनू पंडित, ईश्वरचंद शर्मा, शिवकुमार शर्मा, अमन शर्मा, नीरज शर्मा और संजय त्यागी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।


