मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के डांगर खेड़ी जयकर जंगल में सोमवार को एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। लकड़ी काटने गए ग्रामीणों ने शव देखा, जिसके बाद इलाके में भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान लगभग 65 वर्षीय मुन्ना लाल यादव के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 45 दिनों से लापता थे और परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। जंगल में शव मिलने से परिवार में दुख का माहौल है। सोमवार को कुछ ग्रामीण जंगल में लकड़ी काटने गए थे, तभी उनकी नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मुन्ना लाल यादव की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है, ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके। परिवार वालों का कहना है कि मृतक की कुछ लोगों से पुरानी रंजिश भी थी। उन्होंने पुलिस से हत्या के एंगल से जांच करने की मांग की है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सीओ लालगंज अमर बहादुर ने बताया कि पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।


