सहारनपुर में नौतपा के दूसरे दिन 2°C गिरा टैम्प्रेचर:ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के लिए लगाए गए कूलर, ओवरलोडिंग के चलते कई इलाकों में बिजली संकट

सहारनपुर में नौतपा के दूसरे दिन 2°C गिरा टैम्प्रेचर:ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के लिए लगाए गए कूलर, ओवरलोडिंग के चलते कई इलाकों में बिजली संकट

सहारनपुर में पड़ रही भीषण गर्मी ने आम जनजीवन के साथ-साथ बिजली व्यवस्था की भी कड़ी परीक्षा ले ली है। लगातार बढ़ते तापमान और लू के थपेड़ों ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। रविवार को जिले का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि सोमवार को तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि इसके बावजूद गर्मी और उमस से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। रविवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। बताया जा रहा है कि 24 मई का तापमान पिछले 15 वर्षों का रिकॉर्ड भी तोड़ चुका है। भीषण गर्मी के चलते घरों में एसी और कूलर का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है, जिससे बिजली विभाग पर जबरदस्त दबाव देखने को मिल रहा है। बढ़ते लोड के कारण शहर और देहात के कई इलाकों में ट्रांसफॉर्मर फुंकने और बार-बार बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। लगातार खराब हो रही बिजली सप्लाई से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई देने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि बिजली व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम के निर्देशों के बाद सहारनपुर बिजली विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और विभाग ने ट्रांसफॉर्मरों को गर्मी से बचाने के लिए नए प्रयोग शुरू कर दिए हैं। ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के लिए लगाए गए कूलर बिजली विभाग ने शहर के कई बिजलीघरों और प्रमुख स्थानों पर लगे ट्रांसफॉर्मरों पर कूलर लगाने शुरू कर दिए हैं। विभाग का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और ओवरलोडिंग के चलते ट्रांसफॉर्मर अत्यधिक गर्म हो रहे हैं, जिससे उनके खराब होने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में कूलर के जरिए ट्रांसफॉर्मरों का तापमान नियंत्रित रखने की कोशिश की जा रही है, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित न हो। अधिकारियों का दावा है कि इस नई व्यवस्था से ट्रांसफॉर्मर ठंडे रहेंगे और लोगों को बार-बार होने वाली बिजली कटौती से राहत मिलेगी। विभाग की टीमें लगातार बिजलीघरों की निगरानी कर रही हैं और खराब ट्रांसफॉर्मरों को बदलने का काम भी तेज कर दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *