अटेली सीएचसी में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत:मेदांता फाउंडेशन के सहयोग से सीजेरियन थिएटर, लेबर रूम और कैंसर जांच सुविधाओं का होगा विस्तार

अटेली सीएचसी में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत:मेदांता फाउंडेशन के सहयोग से सीजेरियन थिएटर, लेबर रूम और कैंसर जांच सुविधाओं का होगा विस्तार

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की पहल पर महेंद्रगढ़ जिले के अटेली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य विभाग हरियाणा और मेदांता फाउंडेशन के सहयोग से तैयार प्रस्ताव को सिद्धांततः मंजूरी के लिए विचाराधीन रखा गया है। प्रस्ताव के तहत सीएचसी अटेली में आगामी तीन वर्षों तक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और मजबूत बनाया जाएगा। आवश्यकता अनुसार इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकेगा। योजना के अंतर्गत सीजेरियन ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, ओपीडी सेवाएं, एनीमिया स्क्रीनिंग क्लीनिक और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाओं का उन्नयन किया जाएगा। चलाए जाएंगे जागरूकता अभियान इसके अलावा महिलाओं में स्तन एवं गर्भाशय कैंसर की जांच, एनीमिया प्रबंधन, बीपी, आरबीएस और हीमोग्लोबिन टेस्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नवजात शिशुओं के लिए कंगारू मदर केयर (केएमसी) सेवाओं को भी मजबूत किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। अटेली के लोगों को होगा लाभ स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस पहल से अटेली क्षेत्र की महिलाओं और नवजात शिशुओं को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। डॉक्टरों की होगी तैनाती प्रस्ताव में योग्य डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती, एसीएलएस एंबुलेंस सुविधा, चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण का भी प्रावधान रखा गया है। साथ ही अटेली में परियोजना के सफल संचालन के बाद इस मॉडल को फर्रुखनगर और मीरपुर तक विस्तार देने की संभावना भी जताई गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *